
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : छात्रों के धमकाने वाले मल्हाराश्रम स्कूल के प्राचार्य का वीडियो शनिवार को वायरल वीडियो के जिला प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया। कलेक्टर शिवम वर्मा ने प्राचार्य को निलंबित करने का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजा है। गौरतलब है कि वायरल वीडियो में प्राचार्य देवेंद्र रामिश 11वीं के एक छात्र को परीक्षा में फेल करने की धमकी देते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, छात्र ने छात्रावास में पंखा खराब होने, पानी की व्यवस्था नहीं होने सहित अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी। इससे नाराज प्राचार्य ने छात्रों को बुलाकर उन्हें इंटरनल परीक्षा में शून्य अंक देकर फेल करने की बात कही थी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ने पर आला अधिकारी हरकत में आए। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा छात्रावास में पहुंचे और वहां छात्रों को हो रही परेशानियों का जायजा लिया।
स्कूल परिसर में बने इलेवंथ हाउस छात्रावास में रहने वाले शिकायतकर्ता छात्र मिथुन कलोरिया का कहना है कि उसने पहले भी कई बार प्राचार्य से छात्रावास की अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की थी। दो दिन पहले कमरे का पंखा खराब होने की शिकायत की, लेकिन समस्या हल नहीं हुई। ऐसे में मजबूरी में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करनी पड़ी। छात्र का आरोप है कि मेस में भी खराब खाना मिलता है। उसमें कई बार कीड़े निकल चुके हैं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को छात्रावास और मेस में भारी अव्यवस्थाएं मिलीं। छात्रावास में आरओ प्लांट लगा था, लेकिन उसमें पानी की आपूर्ति नहीं हो रही थी। जिन कमरों में छात्र रह रहे हैं, उनकी हालत भी बेहद खराब मिली। दीवारें जर्जर थीं और कुछ कमरों में पंखे बंद पड़े थे। आसपास बने शौचालयों में गंदगी थी। कमरों तक दुर्गंध आ रही थी। कुछ कमरों में आसपास लगे पीपल और बरगद के पेड़ों की जड़ें दीवारों में उतर आई थीं। मेस में भी निरीक्षण के दौरान गंदगी मिली। अधिकारी खाने की गुणवत्ता से भी संतुष्ट नजर नहीं आए।
शिकायतकर्ता छात्र ने छात्रावास में डे स्कालर छात्रों द्वारा बाहर से लड़कों को बुलाकर रैगिंग किए जाने की शिकायत भी की। हालांकि प्राचार्य ने इस आरोप को पूरी तरह निराधार बताया। छात्रावास के अन्य छात्रों ने भी वहां की कमियां गिनाईं। एक छात्र ने बताया कि काफी दिनों से गीजर खराब है। सर्दी में भी ठंडे पानी से नहाना पड़ रहा है, लेकिन अब तक उसे सुधारा नहीं गया। इसी तरह एक छात्र ने खिड़की में जाली नहीं होने की समस्या बताई। उसका कहना था कि इस वजह से रातभर मच्छर काटते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर के ठेकेदार के घर करोड़ों की चोरी, 7 चाबियों वाली और 200 किलो वजनी तिजोरी से दो किलो सोना-हीरे गायब