
प्रणय चौहान, नईदुनिया, इंदौर। इंदौर शहर में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने 29 स्थानों को साइलेंट जोन घोषित कर अपनी जिम्मेदारी तो पूरी कर दी। इन क्षेत्रों में शोर रोकने के लिए धरातल पर क्या इंतजाम किए गए, यह बड़ा सवाल है। अस्पतालों, स्कूलों, कॉलेजों और न्यायालयों के आसपास तेज हार्न, वाहनों के शोर, डीजे और लाउड स्पीकर की आवाज से लोगों को राहत मिलने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
साइलेंट जोन घोषित होने के बाद वहां सूचना बोर्ड लगाने, नियमित ध्वनि स्तर की जांच करने और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की व्यवस्था कितनी प्रभावी है, इसकी जानकारी सार्वजनिक नहीं है। जिला प्रशासन ने अक्टूबर में एमवाय अस्पताल, बाम्बे अस्पताल, चोइथराम अस्पताल, अरबिंदो अस्पताल, चाचा नेहरू, सुपर स्पेशियलिटी सहित प्रमुख चिकित्सा संस्थानों को साइलेंट जोन में शामिल किया था।
वहीं, एसजीएसआईटीएस, होलकर साइंस कॉलेज, गुजराती कॉलेज, क्रिश्चियन कॉलेज, देअविवि के खंडवा रोड परिसर व अन्य शैक्षणिक संस्थानों के आसपास भी शांत क्षेत्र घोषित किए हैं। जिला न्यायालय व कलेक्टोरेट परिसर सहित अन्य स्थान भी सूची में शामिल हैं।
साइलेंट जोन घोषित करने का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब संबंधित स्थानों के प्रवेश मार्गों व आसपास स्पष्ट सूचना बोर्ड लगाए जाएं। साइलेंट जोन की सीमा, लागू ध्वनि मानक और प्रतिबंधों की जानकारी होनी चाहिए। इन स्थानों पर बोर्ड लगाने और उनकी नियमित निगरानी की व्यवस्था को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यदि लोगों को जानकारी ही नहीं होगी कि वे साइलेंट जोन में प्रवेश कर रहे हैं, तो नियमों का पालन कैसे सुनिश्चित होगा?
ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों के अनुसार साइलेंट जोन में दिन के समय अधिकतम 50 और रात में 40 डेसीबल ध्वनि स्तर निर्धारित है। अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और न्यायालयों के आसपास 100 मीटर तक का क्षेत्र निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार साइलेंट जोन घोषित किया जा सकता है। इन क्षेत्रों में वाहनों के हार्न, लाउड स्पीकर और पटाखों के उपयोग पर प्रतिबंध संबंधी प्रावधान लागू होते हैं।
ध्वनि प्रदूषण के मामले में मप्र हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने 26 अक्टूबर को सुनवाई के दौरान प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए थे। कोर्ट ने कहा कि साइलेंट जोन की सूची प्रकाशित करने के पूर्व निर्देश का उचित पालन नहीं हुआ है।
पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि साइलेंट जोन की घोषणा तभी सार्थक होगी, जब वहां शोर करने वालों के खिलाफ कार्रवाई दिखाई दे। अस्पतालों में मरीजों को आराम और उपचार के लिए शांत वातावरण मिले। विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए एकाग्रता चाहिए और न्यायालयों में शांतिपूर्ण वातावरण आवश्यक है।
यह भी पढ़ें- आगरा-मुंबई रोड पर इंदौर से पलासनेर के बीच 6 लेन का रोड बनेगा, ब्लैक स्पॉट पर रुकेंगे हादसे
इन स्थानों के आसपास अनावश्यक हार्न और तेज आवाज पर प्रभावी नियंत्रण होना चाहिए। आखिर साइलेंट जोन का उद्देश्य केवल सरकारी आदेश में शांति स्थापित करना नहीं, नागरिकों को वास्तव में शोर से राहत दिलाना है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में फूटी कोठी फ्लाईओवर के नीचे ही सब्जी मंडी लगाने की मांग
साइलेंट जोन घोषित कर वहां संकेतक लगवाए जा रहे हैं। लोगों को इसकी जानकारी भी दी जाएगी। शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं। - शिवम वर्मा, कलेक्टर, इंदौर