
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पश्चिम क्षेत्र के चंदन नगर में मंगलवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई। राजमोहल्ला स्थित खालसा कालेज प्रकाश गुरुपूरब पर्व होने से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। हजारों की संख्या में दो और चार पहिया वाहन चालक लेकर पहुंचने से यातायात की व्यवस्था बिगड़ गई। इसके कारण चंदन नगर से सिरपुर होते हुए अम्मान नगर तक लगभग एक से डेढ़ घंटे तक ट्रैफिक जाम लगा रहा।
हालांकि गंगवाल बस स्टैंड, राजमोहल्ला चौराहा, चंदन नगर चौराहा, सिरपुर, बड़ा गणपति सहित अन्य प्रमुख चौराहों पर यातायात के अधिकारी और जवान व्यवस्था संभालने में जुटे हुए नजर आए, लेकिन वाहनों का दबाव ज्यादा होने से परेशानी आई।
सबसे चिंता की बात यह रही कि जाम में एंबुलेंस भी फंस गई। एंबुलेंस में मरीज होने की आशंका के बावजूद उसे निकालने के लिए मौके पर वाहन चालकों ने जगह नहीं दी। वाहन चालक वाहनों में फंसने पर हार्न बजाते रहे, लेकिन जाम जस का तस बना रहा। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि यहां रोजाना ही ऐसा ट्रैफिक जाम होता है।
वाहन चालक गलियों में से निकलकर किसी तरह अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं, लेकिन आज हालात और ज्यादा खराब हो गए। लंबे जाम के कारण राहगीरों, वाहन चालकों और मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रहवासियों ने यातायात पुलिस से मांग की है कि चंदन नगर क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए स्थायी समाधान किया जाए, ताकि एंबुलेंस जैसी इमरजेंसी सेवाएं जाम में न फंसें।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 की तैयारी: उज्जैन जाने वाले छह मार्गों पर इंदौर में बनेंगे नौ होल्डिंग एरिया, जमीन चिह्नित
ट्रैफिक एसीपी जगदीश पाटिल के अनुसार पिछले दो दिन से अधिकारी और जवान यातायात की व्यवस्था संभालने में लगे हुए हैं। ड्यूटी में लगे अधिकारियों और जवानों ने दो दिन तक सराहनीय कार्य किया है। शहर के बीच में इतना बड़ा आयोजन होने के कारण यातायात व्यवस्था में थोड़ी समस्या तो आती ही है, क्योंकि सड़क छोटी है और यातायात लगातार बढ़ता जा रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर-खंडवा रोड पर बन रही सुरंग के बैरिकेड हटाकर निकाल रहे गाड़ियां, रोकने पर करते हैं विवाद