
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर और उज्जैन को मेडिकल टूरिज्म एवं वेलनेस कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा।
इसके लिए एनएबीएच (नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फार हॉस्पिटल्स) से मान्यता प्राप्त अस्पतालों का पोर्टल तैयार किया जाएगा। इसमें अस्पतालों की विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं, उपचार और पैकेज की जानकारी एक ही जगह उपलब्ध रहेगी।
शुक्रवार को संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार की अध्यक्षता में हुई बैठक में योजना की रूपरेखा पर चर्चा की गई। संभागायुक्त ने मेडिकल टूरिज्म को व्यवस्थित रूप देने के लिए स्थानीय समिति और सलाहकार समिति बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सुविधायुक्त अस्पतालों से योजना में शामिल होने की सहमति लेने के लिए पत्र जारी किया जाएगा।
योजना के संचालन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया जाएगा। संभागायुक्त ने कहा कि इंदौर में बड़े अस्पताल समूह, आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, एयर एम्बुलेंस और हवाई व रेल संपर्क उपलब्ध है। वहीं उज्जैन का महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग देश-विदेश के श्रद्धालुओं को आकर्षित करते हैं। इन खूबियों को मिलाकर इंदौर को क्षेत्रीय मेडिकल हब के रूप में विकसित किया जा सकता है।
बैठक में अस्पतालों की विशेषज्ञता के आधार पर उपचार पैकेज की सूची तैयार करने और इनके लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) बनाने पर सहमति बनी। मरीजों के लिए इंश्योरेंस पोर्टेबिलिटी की सुविधा विकसित करने और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के सुझाव भी आए।
यह भी पढ़ें- सिंहस्थ 2028 के लिए 2000 से ज्यादा बसें चलाने की तैयारी, अलग सड़क और रूट तय करेगा यूडीए
आधुनिक चिकित्सा के साथ आयुर्वेद और होम्योपैथी को जोड़कर वेलनेस सुविधाएं विकसित करने पर भी विचार किया गया। योजना के जरिए मध्य एशिया, यूरोप और अफ्रीका से मरीजों को आकर्षित करने का लक्ष्य है।
यह भी पढ़ें- MP-CG की पारंपरिक विंटर थाली में छिपा सेहत का खजाना, शरीर को अंदर से गर्म रखने के लिए सबसे जरूरी!