
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर-उज्जैन छह लेन सड़क तैयार होने के बाद वाहन चालकों को दो टोल बैरियर पर रुकने की परेशानी से राहत मिलेगी। उज्जैन की ओर निनोरा टोल का छह लेन के अनुरूप विस्तार किया जाएगा, जबकि इंदौर की तरफ बारोली नाका (Baroli toll plaza) बंद कर हटाया जाएगा।
नई सड़क के अनुरूप टोल व्यवस्था तैयार होने के बाद नए साल से बारोली टोल नाका हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी। इससे सबसे अधिक फायदा सांवेर रोड पर विकसित हो चुकी कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को मिलेगा।
इंदौर-उज्जैन रोड (Indore Ujjain Road) पर सांवेर तक बड़ी संख्या में कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। यहां रहने वाले हजारों लोग रोजाना कामकाज के लिए इंदौर आते-जाते हैं। चार पहिया वाहन से सफर करने वालों को बारोली नाके पर टोल देना पड़ता है। इसके हटने से सांवेर तक जाने के लिए टोल नहीं चुकाना होगा।
वर्ष 2010 में जब सड़क और टोल बने थे, तब यह शहर सीमा से बाहर था, लेकिन तेजी से हुए शहरी विस्तार के कारण अब कॉलोनियां टोल से आगे तक बस चुकी हैं। इंदौर-उज्जैन छह लेन सड़क (Indore Ujjain Six Lane Road) मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम लिमिटेड (एमपीआरडीसी) द्वारा बनाई जा रही है।
वर्तमान में निनोरा नाके पर आठ लेन से वाहनों की आवाजाही और टोल वसूली हो रही है। छह लेन सड़क के अनुरूप इसका विस्तार किया जाएगा, ताकि वाहनों का आवागमन सुगम हो सके। विस्तार कार्य के लिए जल्द ही टोल वसूली बंद कर निर्माण शुरू करने की तैयारी है। नई व्यवस्था में वाहनों को कम रुकना पड़ेगा और सड़क पर यातायात का दबाव भी घटेगा।
वर्तमान में इंदौर-उज्जैन रोड पर बारोली और निनोरा दो टोल नाके (Ninora Toll Plaza) हैं। वाहन चालकों को दोनों जगह रुकना पड़ता है, जबकि टोल शुल्क एक ही स्थान पर वसूला जाता है। फास्टैग होने के बावजूद बैरियर पर वाहनों की गति धीमी होती है, जिससे अतिरिक्त समय लगता है। एक टोल हटने से सिंहस्थ के दौरान भी यातायात सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर-उज्जैन हेलीकॉप्टर सेवा का किराया 30% बढ़ा: अब एकतरफा सफर के लिए चुकाने होंगे 6,500 रुपए
सड़क निर्माण के कारण बारोली नाके पर इंदौर से उज्जैन जाने वाली लेन में अक्सर जाम लग रहा है। चार लेन से वाहनों का दबाव बढ़ने और कई बार एक लेन बंद रहने से स्थिति बिगड़ जाती है। गुरुवार शाम भी यहां जाम लगा और वाहन चालकों को नाका पार करने में 20 से 30 मिनट तक लगे।
यह भी पढ़ें- इंदौर-उज्जैन सड़क छह लेन बनने से गाड़ियों की स्पीड़ बढ़ी, अब बीच में बने कट होंगे बंद
इंदौर-उज्जैन रोड पर एक ही टोल नाका रहेगा। निनोरा नाके के विस्तार के बाद बारोली नाके को हटाया जाएगा। निनोरा में विस्तार कार्य जारी है। जल्द ही इसे पूरा किया जाएगा। इंदौर से उज्जैन जाने वाले वाहनों को निनोरा में टोल देना होगा। - गगन भाभर, महाप्रबंधक, एमपीआरडीसी