
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में अंडरग्राउंड मेट्रो का काम तेजी से चल रहा है। एयरपोर्ट और बड़ा गणपति इलाके में टीबीएम द्वारा सुरंग बनाने का काम शुरू हो गया है। इंदौर शहर में अभी एलिवेटेड रूट पर मेट्रो शुरू हो चुकी है। मेट्रो कॉर्पोरेशन उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ से पहले इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो शुरू करने का टारगेट लेकर चल रहा है।
शहर में एयरपोर्ट से खजराना के अंडरग्राउंड रूट पर मेट्रो स्टेशन बनाने के लिए कई स्थानों पर काम जारी है। अंडरग्राउंड मेट्रो का रूट करीब 14 किमी का होगा। उज्जैन में होने वाले सिंहस्थ के लिए अभी करीब 16 महीने का समय बचा है। ऐसे में मेट्रो प्रबंधन अंडरग्रांउड मेट्रो चलाने के लक्ष्य के लिए तेजी से काम कर रहा है।
इंदौर में अभी गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक ऐलिवेटेड रूट पर मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। उधर रेडिसन चौराहे से खजराना तक मेट्रो का काम भी तेजी से चल रहा है। शहर में ऐलिवेटेड और अंडरग्राउंड रूट पर काम पूरा होने के बाद यह करीब 31 किमी का मेट्रो रिंग रूट होगा।
चार टीबीएम से बनेंगी सुरंग
इंदौर मेट्रो के अंडरग्राउंड रूट के लिए चार टीबीएम से सुरंग बनाई जाएगी। इसमें से दो टीबीएम नर्मदा और सरस्वती ने सुरंग बनाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही जल्द क्षिप्रा और अवंतिका टीबीएम भी इंदौर पहुंचेगी और सुरंग बनाने का काम शुरू करेगी। जनवरी 2027 तक दो और टीबीएम द्वारा सुरंग बनाने का काम शुरू करने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट के सामने अंडरग्राउंड मेट्रो के लिए फिर हरियाली की चढ़ेगी बलि, दो साल पहले लगाए गए थे 40 हजार पौधे