
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जिले में करीब नौ माह तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन की प्रक्रिया चलती रही। इस दौरान किसी विशेष अभियान के बिना ही जिले में एक लाख 16 हजार 699 मतदाताओं की संख्या बढ़ गई। इसमें सबसे अधिक 20 प्रतिशत राऊ विधानसभा क्षेत्र में मतदाता बढ़े, जबकि सबसे कम 3.8 प्रतिशत इंदौर-3 में मतदाता बढ़े।
अब एक बार फिर 12 नवंबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसके तहत मतदाता सूची को अपडेट करने के साथ नए मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटियों में सुधार का काम होगा।
अक्टूबर 2025 की मतदाता सूची में इंदौर जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में 28 लाख 67 हजार 294 मतदाता थे। एसआईआर के बाद फरवरी में जारी सूची में यह संख्या घटकर 24 लाख 20 हजार 171 रह गई थी। यानी करीब चार माह की प्रक्रिया में 4 लाख 47 हजार 123 मतदाताओं के नाम कम हुए थे।
इसके बाद फरवरी से नवंबर तक सामान्य प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम जुड़ते रहे। हालांकि, बीते अक्टूबर में एसआईआर के दौरान छूटे मतदाताओं को खोजने के लिए विशेष अभियान भी चलाया गया था। अब नवंबर में एसएसआर की प्रक्रिया शुरू होने के साथ मतदाता सूची के पुनरीक्षण का काम नए सिरे से होगा।

नवंबर में जारी प्रारंभिक सूची में जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में कुल 25 लाख 36 हजार 870 मतदाता दर्ज हैं। विधानसभा क्षेत्रों में राऊ में सबसे ज्यादा 24411 मतदाता बढ़े हैं। इंदौर-5 में 17328, सांवेर में 15953 और इंदौर-2 में 15405 मतदाताओं की वृद्धि हुई है। इसके विपरीत इंदौर-3 में सबसे कम 4492 मतदाता बढ़े हैं। इस तरह मतदाताओं की संख्या में सुधार के बावजूद इंदौर अभी भी एसआईआर से पहले के आंकड़े से तीन लाख 30 हजार 424 पीछे है।
यह भी पढ़ें- इंदौर जिले में एसआईआर में 4.47 लाख नाम कटे, अब बीएलओ करेंगे इनकी तलाश
एसएसआर की प्रक्रिया से पहले हुए मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण में इंदौर जिले में एक मतदान केंद्र कम होकर कुल मतदान केंद्र 3209 रह गए हैं। इससे पहले 3210 मतदान केंद्र थे। युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया में छह मतदान केंद्र कम हुए, जबकि पांच नए केंद्र बनाए गए हैं। इंदौर-2 में दो, इंदौर-4 में एक और सांवेर में तीन केंद्र कम हुए। वहीं राऊ में 4 और सांवेर में एक नया मतदान केंद्र बनाया गया।
यह भी पढ़ें- प्रदेश में बढ़े 2.85 लाख मतदाता, अंतिम बदलाव फिर संभव