
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के व्यस्ततम क्षेत्र में स्थित वार्ड 62 में 25 हजार की जनसंख्या है और 16 हजार 890 मतदाता हैं। वार्ड का बड़ा हिस्सा व्यापारिक क्षेत्र है। वहीं, श्रद्धालुओं के बीच आस्था के बड़े केंद्र के रूप में तीन प्राचीन मंदिर हैं। इनमें 1200 वर्ष पुराना जूना गणेश मंदिर, प्राचीन शनिदेव मंदिर और कनकेश्वर मंदिर हैं। इसके अतिरिक्त 12 अन्य मंदिरों के साथ मस्जिद भी हैं।
तीन सरकारी स्कूलों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चे अध्ययन कर रहे हैं। यहां की आवश्यकत्ता के अनुरूप एक भी शासकीय दाल-चावल, गेहूं और मिर्च की बड़ी मंडी लगती है। वार्ड में अस्पताल नहीं है। इस वार्ड में बड़े स्तर पर व्यापार होता है। यहां ट्रांसपोर्ट और लोहे का भी बड़े छोटा रावला और बड़ा रावला सहित महल कचहरी भी पुराने समय की बनी हुई है।
रावजी बाजार में एक पुलिस स्टेशन है। वार्ड की ज्यादातर सड़कें संकरी हैं। रावजी बाजार, जगजीवनराम मोहल्ला, कुमावतपुरा, गाड़ी अड्डा, ब्रह्मचारी बगीचा, हरिजन मोहल्ला, झोपड़ पट्टी, रेलवे पटरी के पास, मुराई मोहल्ला, हाथीपाला मेन रोड, मालीपुरा, व्यासफला संपूर्ण, चंद्रभागा मेन रोड, चंद्रभागा, महल कचहरी, गणेश मार्ग, हार्डिया कंपाउंड आदि आबादी क्षेत्र हैं।
शहर के पश्चिम क्षेत्र में वार्ड-62 रावजी बाजार के रहवासियों को आए दिन कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या की बात करें तो वर्ष 2016 में गंगवाल से सरवटे बस स्टैंड तक सड़क निर्माण की योजना शुरू हुई थी। जो 10 साल बीतने के बाद भी अधूरी पड़ी हुई है। इसके लिए 150 से 200 से ज्यादा निवासियों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए खुद ही मकान तोड़े थे, जो आज अपने आप को ढगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
रावजी बाजार से हाथीपाल तक सड़क पर ड्रेनेज लाइन नहीं डाली गई है। इससे वर्षाकाल में जलजमाव होता है। वार्ड की मुख्य सड़कों की स्थिति तो अच्छी है, लेकिन भीतर गलियों में प्रवेश करते ही समस्याएं नजर आने लगती हैं। संकरी गलियों में जहां-तहां कचरें के ढेर लगे हैं।
ड्रेनेज चोक होने के साथ नर्मदा लाइन के भी फूटने के बाद उनके ठीक न होने की शिकायत आम है। यहां के सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी खराब है। इसके दरवाजे टूटे हैं। कटकटपुरा क्षेत्र से बहने वाले नाले के पास गंदगी और मलबे के ढेर पड़े हैं।
रहवासियों का कहना है कि नगर निगम की गाड़ी वाले ही कई बार यहां कचरा फेंक कर चले जाते हैं। सुनवाई भी नहीं होती है। कलालकुई मस्जिद से चंद्रभागा जाने वाला मार्ग की स्थिति खराब है। पिछले दो साल सड़क और नाले का निर्माण अधूरा पड़ा है। इससे हजारों वाहन चालक रोजाना परेशान हो रहे है। असामाजिक तत्व यहां डेरा डाले रहते हैं। वार्ड में गंदे पानी, खराब सड़कें और ड्रेनेज जैसी समस्याओं से भी रहवासियों को जूझना पड़ रहा है। रावजी बाजार क्षेत्र में विकास के नाम पर सिर्फ छोटे-मोटे काम हुए हैं।
मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। निवासियों का कहना है कि जिम्मेदारों से कई बार शिकायत भी की, लेकिन आश्वासन ही मिला। व्यासफला में ट्रैफिक की समस्या से जूझना पड़ रहा है। सड़क के दोनों तरफ लोगों ने अवैध पार्किंग बना रखी है।
मुख्य मार्ग के दोनों तरफ निजी वाहन खड़े रहते हैं। कई बार लोडिंग वाहन भी सड़क पर ही पार्क कर दिए जाते हैं। आए दिन छोटे-मोटे हादसे भी होते हैं। चंद्रभागा मेन रोड किनारे नाला है, जिसके दूसरी तरफ रहवासियों के मकान बने हैं। इस नाले को अब तक ढंकने का काम पूरा नहीं हो पाया है।
यहां गंदे पानी में मच्छर पनपते हैं। मुराई मोहल्ले में पानी समस्या है। रहवासियों का कहना है कि यहां बोरिंग तो है, लेकिन उसका लाभ प्रभावी रहवासी ही उठाते हैं। मोटर खराब होती है, तो कई दिनों तक उसे सुधारा नहीं जाता। पार्षद से कई बार शिकायत की लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। क्षेत्र में जलभराव भी बड़ी समस्या है। वर्षा में सड़कों पर पानी भर जाता है। गाड़ी अड्डा पुल के नीचे अवैध पार्किंग बना रखी है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के फूटी कोठी में सब्जी मंडी हटने से सर्विस लेन हुई चौड़ी, दुकानदारों ने दिया धरना
वार्ड में रावजी बाजार, जगजीवनराम मोहल्ला, कुमावतपुरा, गाड़ी अड्डा, ब्रह्मचारी बगीचा, हरिजन मोहल्ला, रेलवे ट्रेक के समीप बस्ती, मुराई मोहल्ला, हाथी पाला मेन रोड, मालीपुरा, व्यास फला, शनि गली मेन रोड, चंद्रभाग मेने रोड, महल कचहरी, गणेश मार्ग, हार्डिया कंपाउंड, श्रद्धानंद मार्ग, कलाली मोहल्ला, लुनियापुरा, लोहामंडी रोड शामिल है। इस वार्ड में अनाज मंडी, पंचशील नगर, पठान मोहल्ला, नरसिंह टेकरी, जगजीवनराम मोहल्ला कालोनियां भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में रिंग रोड और एबी रोड पर फ्लाईओवर अधूरे, जनता भुगत रही ट्रैफिक जाम की सजा
कलालकुई मस्जिद से चंद्रभागा तक बनने वाली सड़क और ड्रेनेज लाइन का निर्माण कार्य पिछले दो साल से चल रहा है। इससे सड़क के दोनों तरफ रहने वाली रहवासी बहुत परेशान हो रहे हैं। घरों में आने जाने में बहुत परेशानी है। सुबह से रात तक सैकड़ों वाहन चालक परेशान होते नजर आते हैं। - ऋषभ बैरागी, जूनी इंदौर
घर के सामने नाला खुला पड़ा हुआ है। नाले की बदबू और मच्छरों के कारण जीना मुश्किल हो गया है। आए दिन खुले नाले में वाहन चालक गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। मिट्टी के ढेर सड़क के बीच में पड़े हुए हैं। निगम को जल्द से जल्द कार्य पूरा करना चाहिए, जिससे रहवासियों को राहत मिले। - दिनेश वर्मा, जूनी इंदौर
कलालकुई मस्जिद से चंद्रभागा तक बनने वाली सड़क और ड्रेनेज लाइन का निर्माण कार्य पिछले दो साल से चल रहा है। धूल उड़ने के कारण बहुत परेशानी है। निर्माण के चलते ग्राहकी बहुत कम हो गई है। सड़क चालू हो जाए तो वाहन चालकों का आवागमन हो, जिससे हमारी ग्राहकी बढ़ जाए। - कैलाशचंद्र धनोतिया, व्यापारी
चंद्रभागा से जूनी इंदौर जाने वाली पोटली वाले गणेशजी वाली नंबर-2 गली का सड़क निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। गली में नाले का पानी भी खुले में ही बहता है, जिससे मच्छर के कारण बच्चे बीमार हो रहे है। बदबू के कारण घर में बैठना मुश्किल हो जाता है। पार्षद निर्माण कार्य करने को तैयार नहीं है। - राखी डिडवानी, जूनी इंदौर
वर्ष 2016 में गंगवाल से सरवटे बस स्टैंड तक सड़क निर्माण की योजना शुरू हुई थी, लेकिन 10 साल बितने के बाद भी सड़क अधूरी पड़ी हुई है। इसके लिए 150 से 200 से ज्यादा निवासियों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए खुद ही मकान तोड़े थे, जो आज अपने आप को ढगा हुआ महसूस कर रहे हैं। - लता खींची, चंद्रभागा
वार्ड में नर्मदा पानी मात्र 10 मिनिट आता है। इसमें भी अधिकांश रहवासी मोटर लगा लेते हैं, जिससे पानी खींच जाता है। लोहा मंडी ब्रिज के नीचे पानी बहता रहता है। जहां लिखा है कि गंदगी फैकना मना है, वहीं पर गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। वार्ड में विकास के नाम पर जनता को ढगा जा रहा है। - जगदीश सोनी, कुमावतपुरा
वार्ड में रावजी बाजार थाने से पलसीकर जाने वाली सड़क पिछले दो साल से खुदी पड़ी हुई हैं। कई ठेकेदार बदल चुके हैं, लेकिन आज तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। रोजाना हजारों वाहन चालक और सड़क के दोनों तरफ के दुकानदार धूल व धुएं के कारण परेशान हो रहे हैं। - मोहन सेन, कुमावतपुरा
वार्ड में पानी की बहुत ज्यादा समस्या है। रेलवे क्रासिंग पर रहवासी कचरा फैंककर चले जाते हैं। क्रासिंग पर पाइप पड़े हुए हैं, जिस पर रात को असामाजिक तत्व बैठकर शराब पीते नजर आते हैं। रात को युवतियों और महिलाओं को अपशब्द कहते हैं। पास में ही थाना है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है। - विकास चौहान
वार्ड में 10 करोड़ रुपये के कार्य जारी है। रावजी बाजार से पलसीकर चौराहा तक सड़क का निर्माण कार्य जारी है। ठेकेदारों के बदलाव होने के कारण सड़क निर्माण में देरी हुई है। सिंधी हाई सेकंडरी स्कूल, रजत जयंती स्कूल, छावनी में हाट मैदान में स्कूल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वार्ड में सड़क, ड्रेनेज लाइन के अतिरिक्त जल प्रदाय की लाइन डालने के कार्य जारी है। जहां कचरे का ढेर या गंदगी दिखाई देती हैं, उसे तुरंत हटाया जाता है। - रूपा दिनेश पांडे, पार्षद
सबसे बड़ी समस्या की बात करें तो वर्ष 2016 में गंगवाल से सरवटे बस स्टैंड तक सड़क निर्माण की योजना शुरू हुई थी, जो 10 साल बितने के बाद भी अधूरी पड़ी हुई है। रावला के सामने आधी सड़क वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बनी हुई है। महल कचहरी पर बिना साइल टेस्टिंग (मिट्टी चेक के बिना) टंकी पास करवा दी, जिसका भी रहवासियों द्वारा बहुत विरोध किया। वार्ड में कचरा नहीं उठने की शिकायत हमेशा बनी रहती है। - श्वेता गौरव शर्मा, कांग्रेस नेता व वकील
नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाती है। नाले की भी सफाई करवाई जाती है। शिकायत मिलते ही तत्काल टीम भेजकर कार्रवाई करवाते हैं। जबरन कालोनी की सड़क का काम मजदूरों के चले जाने के कारण अटका हुआ है। वार्ड में गंदगी करने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाती है। नगर निगम का अमला क्षेत्र में सक्रिय रहता है। रहवासियों की शिकायत का तुरंत निराकरण किया जाता है। - राहुल सूर्यवंशी, जोनल अधिकारी