
कुलदीप भावसार, नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जलसंकट के मुहाने पर खड़े इंदौर के लिए चिंता की बात है कि यहां 400 फीट गहरे बोरिंग भी सूख गए हैं। शहर के कई इलाके ऐसे हैं, जहां पिछले वर्ष तक भरपूर पानी दे रहे बोरिंग अब दम तोड़ने लगे हैं। यह हालत तब है, जब ग्रीष्मकाल अभी कम से कम चार माह दूर है। ऐसे में ग्रीष्मकाल में क्या स्थिति बनेगी, यह सोचकर ही शहरवासियों के हाथ-पैर फूलने लगे हैं।
स्थिति यह है कि कुछ दशक पहले तक जिन क्षेत्रों में 100-200 फीट पर भरपूर पानी मिल जाता था, वहां भी बोरिंग दम तोड़ चुके हैं। इन क्षेत्रों में कुछ साल पहले तक स्थिति यह थी कि 30-40 फीट पर ही गीली मिट्टी निकलने लगती थी, लेकिन मेट्रो की टनल बनाने के लिए 70 फीट नीचे तक खोदाई करने के बावजूद नमी तक नहीं मिली।
इन्हीं बातों से सबक लेते हुए नगर निगम अब नए कराए जाने वाले बोरिंगों की गहराई 700 फीट रखने जा रहा है। हालांकि इससे जलसंकट से निपटने में कितनी मदद मिलेगी, यह किसी को नहीं पता।
भूजल विशेषज्ञों के मुताबिक जमीन में पानी के दो मुख्य स्तर होते हैं। पहला डायनामिक और दूसरा स्टेटिक। सामान्यतः डायनामिक स्तर (40 से 60 फीट गहरा) कुओं के लिए माना जाता है, जबकि स्टेटिक लेयर 100 फीट के बाद मानी जाती है। डायनामिक लेयर वर्षा से होने वाले रिचार्ज पर निर्भर होती है, स्टेटिक लेयर का सीधा संबंध भूजल के दोहन से है। भूजल विशेषज्ञों का मानना है कि इंदौर में स्टेटिक लेयर के सूखने की बड़ी वजह अत्यधिक भूजल दोहन है।
इंदौर कितने भयावह जलसंकट की ओर बढ़ रहा है, यह इसी से समझा जा सकता है कि बिलावली क्षेत्र में कुछ दशक पहले तक पांच फीट पर पानी निकल आता था, लेकिन आज हालत यह है कि यहां के ज्यादातर बोरिंग सूख चुके हैं। रहवासियों को टैंकर के भरोसे रहना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बोरिंग से पहले निगम पता लगाएगा पानी निकलेगा या नहीं, जलसंकट से बचने के लिए फैसला
शहर में मेट्रो की टनल बनाने के लिए खोदाई चल रही है। चिंता की बात यह है कि 70 फीट गहराई में खोदाई करने पर भी नमी तक नहीं मिली। भूजल विशेषज्ञों का कहना है कि इसका सीधा मतलब है कि जिन क्षेत्रों में खोदाई की गई है, वहां स्टेटिक और डायनामिक दोनों लेयर सूख चुकी हैं। स्थितियां आने वाले समय में और भयावह हो जाएंगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर में यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरा जाएगा, जलसंकट होगा दूर
इंदौर में भूजल स्तर तेजी से नीचे गिर रहा है। यह चिंता की बात है। हमें भूजल का दोहन कम करना होगा। ऐसा करके ही हम भूजल उपलब्धता को बनाए रख सकते हैं।- सुधींद्र मोहन शर्मा, भूजल विशेषज्ञ
संभावित जलसंकट को देखते हुए हम नागरिकों से लगातार अपील कर रहे हैं कि कम से कम पानी का उपयोग करें। भूजल संरक्षण को लेकर भी अभियान चला रहे हैं। नागरिकों के सहयोग के बगैर जलसंकट पर विजय संभव नहीं। - पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, इंदौर