
इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। न्यूयार्क की बफेलो यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले युवराज तिवारी का इंदौर वापस लौटते समय पेरिस एयरपोर्ट पर पासपोर्ट चोरी हो गया। इस कारण पेरिस एयरपोर्ट पर उन्हें रोक लिया गया। जैसे-तैसे सूचना इंदौर में स्वजन को दी। सांसद शंकर लालवानी ने विदेश मंत्री से बात की और विदेश मंत्रालय ने पेरिस स्थित भारतीय दूतावास को खुलवाया और अवकाश के दिन पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज जारी किए। इंदौर लौटने पर युवक सांसद को धन्यवाद देने पहुंचा।
जानकारी के मुताबिक, घटना 30 दिसंबर की है। युवराज अपनी पढ़ाई पूरी कर इंदौर लौट रहे थे। अमेरिका से वाया पेरिस होकर उनकी दिल्ली की उड़ान थी, लेकिन पेरिस में उनका पर्स चोरी हो गया, जिसमें पासपोर्ट था। वहां पर जांच अधिकारियों ने उन्हें पकड़ लिया। स्वजन ने सांसद शंकर लालवानी से मदद मांगी। लालवानी ने तत्काल विदेश मंत्री एस. जयशंकर से फोन पर बात की और इंदौर के युवक को पेरिस एयरपोर्ट पर डिटेन करने की बात कही। साथ ही उन्हें पासपोर्ट और यात्रा दस्तावेज मुहैया करवाने का अनुरोध किया। इसके तत्काल बाद विदेश मंत्रालय सक्रिय हुआ और नए साल की छुट्टियों के बावजूद कुछ ही घंटों में युवराज तिवारी को पासपोर्ट और दिल्ली आने के लिए आवश्यक कागजात मुहैया करवाए गए।
पालीटेक्निक कालेज के कर्मचारी के घर से जेवर व रुपये चोरी - पालीटेक्निक कालेज परिसर में रहने वाले कमल पटेल ने राजेंद्र नगर थाने में मंगलवार को चोरी की शिकायत की है। कमल ने बताया कि वे पालीटेक्निक कालेज में कर्मचारी हैं। बीते शनिवार को वे पुश्तैनी घर देवास गए थे। सोमवार को सुबह लौटे तो देखा कि दरवाजे का ताला टूटा है, अंदर अलमारी खुली पड़ी है और उसमें रखे 25 हजार रुपये व जेवर सहित करीब एक लाख रुपये की चोरी हो गई है। पुलिस को सूचना दी तो मौके पर पहुंची। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं, लेकिन चोरों का सुराग नहीं मिला।