
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भारत और वेस्टइंडीज के बीच इंदौर में होने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के टिकटों के बहाने साइबर ठग फिर सक्रिय हो गए हैं। मैच इंदौर में होना है, लेकिन कोलकाता से ठगी के प्रयास हो रहे हैं। इंदौर क्राइम ब्रांच ने ऐसी 10 वेबसाइटें चिह्नित की हैं, जिनसे टिकट के नाम पर ठगी का प्रयास किया जा रहा है।
होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 11 अक्टूबर को होने वाले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर प्रशंसकों में काफी उत्साह है। मैच के टिकटों की बिक्री मध्य प्रदेश क्रिकेट संगठन द्वारा ऑनलाइन माध्यम से की गई थी और दो घंटे से भी कम समय में सभी टिकट बिक गए थे। स्टूडेंट कंसेशन और दिव्यांग श्रेणी के टिकट तो दो मिनट से भी कम समय में बिक गए थे।
सोशल मीडिया साइटों पर टिकटों की बिक्री के प्रलोभन लोगों को दिए जा रहे हैं, जबकि एमपीसीए स्पष्ट कर चुका है कि उनकी ओर से टिकट बिक्री पूरी हो चुकी है। टिकट बुक कराने वालों के घर पोस्ट से टिकट भेजे जा रहा है। मगर लोग मैच देखने की चाहत में बहकावे में आ रहे है। क्रिकेट प्रशंसकों के साथ दो तरह से ठगी के प्रयास हो रहे हैं।
ऑनलाइन टिकट के नाम पर ठगी का प्रयास हो रहा है या खरीदे गए टिकट ब्लैक करने का प्रयास हो रहा है। दोनों ही कार्य अपराध हैं। एडिशनल डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश दंडोतिया ने बताया कि हमारे पास टिकट के नाम पर ठगी के प्रयास की कई शिकायतें पहुंचीं हैं। हमने 10 वेबसाइट चिह्नित की हैं। यह सब कोलकाता की हैं।
हमने इनके खिलाफ मेटा कंपनी को भी लिखा है। मप्र क्रिकेट संगठन और पुलिस द्वारा लगातार लोगों को आगाह किया जा रहा है कि बहकावे में न आएं। एमपीसीए के सचिव सुधीर असनानी के अनुसार हमारे द्वारा टिकटों की ऑनलाइन बिक्री पूरी हो चुकी है। अन्य माध्यमों से टिकट खरीदने के लालच में लोग ठगी में न फंसे।
यहां करें शिकायत
टिकट की कालाबाजारी या ठगी की शिकायत के लिए क्राइम ब्रांच ने नंबर जारी किया है। 7049124445 इस नंबर पर ऐसे ठगों के बारे में सूचित किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- इंदौर से फर्जी ई-मेल जबलपुर भेजा, असली कंपनी ने कहा नहीं मिले 27 लाख रुपये