
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भाजपा नेता के परिवार द्वारा संचालित होटल रामी तरंग पर बुधवार सुबह आयकर की टीम ने छापा मारा। कनाड़िया रोड चौराहे पर स्थित होटल का संचालन भाजपा नेता का परिवार करता है। महाराष्ट्र से आयकर की टीम जांच के लिए पहुंची और सुबह से देर शाम तक जमी रही। इस दौरान कुछ अधिकारी भाजपा नेता के घर पर भी पहुंचें।
आयकर विभाग होटल संचालित करने वाले समूह रामी इंटरेशनल की कर चोरी की आशंका में जांच कर रहा है। बीते महीनों में इंदौर में इस समूह ने रामी तरंग नाम से होटल खोला है। इस होटल का संचालन झंवरलाल कुमावत कर रहे हैं, जो भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे नानूराम कुमावत के छोटे भाई है। बीते समय में इंदौर में बनी होटल ने रामी ग्रुप के साथ करार कर फ्रेंचाइजी ली थी।
छापे के दौरान अधिकारियों ने होटल के दस्तावेज व रिकॉर्ड जांचे। इस बारे में बात करते हुए भाजपा नेता नानूराम कुमावत ने कहा कि रामी समूह पर देशभर में जांच चल रही है। इसीलिए आयकर की टीम इंदौर पहुंची थी। यहां सामान्य पूछताछ होटल को लेकर हुई है। आयकर की कार्रवाई में व्यक्तिगत रूप से मेरा या परिवार का कोई लेना-देना नहीं है।
इसे भी पढ़ें... उज्जैन में रेलवे प्लेटफॉर्म पर Head Constable ने दिव्यांग को पीटा, कृत्रिम पैर तक फेंका, वीडियो वायरल होते ही SP ने किया सस्पेंड