
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ई-रिक्शा ड्राइवर विनय उर्फ हरिओम उर्फ जहर की हत्या के आरोपी अजय कपारिया को मोबाइल पर क्राइम पेट्रोल सीरियल देखने की आदत थी। उसने इसी से अपहरण, हत्या और सबूत मिटाने के तरीके सीखे थे। अजय ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की। उसने मोबाइल बंद कर घर में रख दिया और कपड़े व रास्ते बदलकर भागा, लेकिन फिर भी पकड़ा गया।
आजाद नगर थाना क्षेत्र स्थित आरई-2 में एरोड्रम क्षेत्र के श्रेयांश नगर निवासी विनय सोलंकी का शव जली हुई अवस्था में मिला था। 22 वर्षीय विनय की उसके दोस्त अजय ने ही गला घोंटकर हत्या की थी। पूछताछ में अजय ने बताया कि दोनों जेल में बंद रह चुके हैं। उसे शक था कि विनय के उसकी पत्नी से संबंध हैं। जमानत पर छूटने के बाद विनय उससे मिलने आता था। इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची।
अजय ने बताया कि वारदात से पहले उसने क्राइम पेट्रोल सीरियल देखा था। पुलिस से बचने के तरीके भी उसी से सीखे थे। उसे लगा कि पुलिस मोबाइल की लोकेशन से पकड़ लेगी, इसलिए उसने मोबाइल बंद कर घर में रख दिया। शव जलाने के बाद वह उन रास्तों से नहीं गया, जिनसे आया था।
यह भी पढ़ें- पत्नी से बातचीत के शक में गला दबाकर दोस्त की हत्या, शव को कचरे के ढेर में फेंक जला दिया
घटना के बाद वह विनय के पिता जगदीश सोलंकी के साथ एरोड्रम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने भी गया। पुलिस ने सवाल पूछे तो उसने बिना घबराए जवाब दिए। टीआई लोकेश सिंह भदौरिया के अनुसार, घटनाक्रम की शुरुआत एरोड्रम थाना क्षेत्र से हुई थी। इसलिए आरोपित को केस डायरी के साथ एरोड्रम भेज दिया गया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में कचरे में ढेर में मिला था जला शव, सिर में लगी सर्जिकल प्लेट के सीरियल नंबर से हुई पहचान
एरोड्रम पुलिस ऑटो चालक राजू यादव और उनकी बेटी हर्षिता यादव की हत्या के मामले में गोद लिए बेटे हर्ष यादव से पूछताछ कर रही है। उसे शक था कि राजू ने प्रापर्टी बहन के नाम कर दी है और उसे हिस्सा भी नहीं दे रहे हैं। एरोड्रम टीआइ मनोज सेंधव के अनुसार, राजू ने हर्ष को गोद लिया था। उसके चाल-चलन के कारण उसे अलग करना पड़ा।
राजू अपनी बेटी हर्षिता के साथ कालानी नगर में रहने आ गए थे और अशोक नगर का मकान भी बेच दिया था। इसके बाद ही हर्ष ने दोनों की हत्या की साजिश रची। उसे शक था कि राजू ने प्रापर्टी हर्षिता के नाम कर दी है। हर्ष ने राजू की चाकू मारकर हत्या की और शव हातोद क्षेत्र में फेंक दिया।
हर्षिता का गला घोंटा गया था। आरोपित ने वारदात के बाद घर से जेवर और डेढ़ लाख रुपये चुराने की बात स्वीकार की है। उसने एक लाख रुपये साथी नाबालिग को दे दिए थे। बाकी रकम फरारी काटने और फ्लाइट में खर्च कर दी थी।