
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश में शिक्षकों के वेतन का भुगतान ई-अटेंडेंस के आधार पर आईएफएमएस पोर्टल के माध्यम से करने की चर्चा के बाद शिक्षक संगठनों ने विरोध जताया है। आजाद अध्यापक शिक्षक संघ ने चेतावनी दी है कि यदि ई-अटेंडेंस में तकनीकी खामियों के कारण किसी शिक्षक का वेतन काटा गया तो प्रदेशभर के शिक्षक एक साथ हमारे शिक्षक एप से ई-अटेंडेंस लगाना बंद कर देंगे।
संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष केके आर्य ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों के शिक्षक हमारे शिक्षक एप के माध्यम से नियमित रूप से ई-अटेंडेंस दर्ज कर रहे हैं। मुख्यमंत्री और स्कूल शिक्षा मंत्री ने स्पष्ट किया था कि ई-अटेंडेंस व्यवस्था के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर आईएफएमएस पोर्टल के जरिए ई-अटेंडेंस के आधार पर वेतन काटने की बात सामने आ रही है।
ई-अटेंडेंस प्रणाली में कई बार तकनीकी समस्याएं आती हैं। नेटवर्क, सर्वर और एप संबंधी दिक्कतों के कारण शिक्षक समय पर उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाते। ऐसे में तकनीकी खामियों को शिक्षक की अनुपस्थिति मानकर वेतन काटना व्यावहारिक नहीं है।
यह भी पढ़ें- MP के शिक्षकों के लिए बड़ी खबर; नियमित ई-अटेंडेंस दर्ज करने पर मिलेगा डिजिटल प्रशस्ति पत्र
पहले व्यवस्था में सुधार और तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। आर्य ने कहा कि यदि ई-अटेंडेंस के आधार पर किसी भी शिक्षक का वेतन काटा जाता है तो प्रदेश के सभी जिलों के शिक्षक सामूहिक रूप से अपने मोबाइल फोन से हमारे शिक्षक एप को अनइंस्टाल कर देंगे और ई-अटेंडेंस व्यवस्था का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
यह भी पढ़ें- ई-अटेंडेंस की वजह से कटेगा वेतन तो हमारे शिक्षक एप का करेंगे बहिष्कार, एमपी में शिक्षकों का अल्टीमेटम