National Water Awards: जल संरक्षण के लिए उज्जैन की परीक्षा आज, इंदौर की कल
सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार 2026 के तहत मध्य प्रदेश के तीन शहरों की दावेदारी का जमीनी आकलन शुरू हो गया है।
Publish Date: Thu, 19 Nov 2026 09:35:40 AM (IST)Updated Date: Thu, 19 Nov 2026 09:45:25 AM (IST)
इंदौर नगर निगम ने निपानिया तालाब की सफाई कर इसकी सूरत बदली। पहले तालाब की स्थिति और सफाई के बाद उसकी तस्वीर।HighLights
- पेयजल गुणवत्ता, भूजल प्रबंधन और रेन वाटर हार्वेस्टिंग के सौ अंकों पर तय होती है रैंकिंग
- उपचारित पानी के उपयोग और हजारों घरों में वाटर रिचार्जिंग के दम पर इंदौर की दावेदारी
- महाकाल मंदिर में जल पुनर्भरण और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से अव्वल आने की उज्जैन की तैयारी
उदय प्रताप सिंह, नईदुनिया, इंदौर। सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार में इस बार प्रदेश के तीन शहरों की दावेदारी पेश की गई है। गुरुवार से तीनों शहरों की जल संरक्षण व जल पुनर्भरण सहित अन्य मानकों पर परीक्षा होगी। 19 नवंबर को उज्जैन नगरीय निकाय क्षेत्र में तीन सदस्यीय दल जांच करेगा। इसके बाद 20 नवंबर को इंदौर नगर निगम और 21 नवंबर को बड़वानी जिले में जांच के लिए पहुंचेगा।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता में पश्चिम जोन कैटेगरी में इंदौर व उज्जैन का आपस में तो मुकाबला है ही, इन दोनों शहरों का गुजरात के सूरत व भावनगर से भी मुकाबला होगा।
इस प्रतियोगिता के तहत नगरीय निकाय व जिले में विगत एक वर्ष में जल संरक्षण व जल पुनर्भरण के कार्यों का निरीक्षण करने के लिए तीन सदस्यीय दल में सेंट्रल वाटर कमीशन के डायरेक्टर करण सिंह सैनी, सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड के रीजनल सेंटर के वरिष्ठ विज्ञानी राकेश सिंह और अन्य वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार नायक शामिल हैं।
जल प्रबंधन के इन मापदंडों पर होगा आकलन
- 40 अंक : पेयजल की गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक उपयोग
- 40 अंक : भूजल प्रबंधन के लिए
- 20 अंक : रेन वाटर हार्वेस्टिंग
बीते वर्षों में इंदौर को मिले जल पुरस्कार
- 2018 : पहला स्थान: इंदौर जिला (पश्चिम जोन)
- 2022 : पहला स्थान: इंदौर जिला (पश्चिम जोन)
- 2023 : दूसरा स्थान : इंदौर नगरीय निकाय (पश्चिम जोन)
- 2025 : पहला स्थान: इंदौर जिला (पश्चिम जोन)
इंदौर नगर निगम : उपचारित पानी, वाटर रिचार्जिंग से अव्वल आने का प्रयास
- 285 कुओं व बावड़ियों की सफाई।
- 25588 घरों व मल्टी में वाटर रिचार्जिंग की गई।
- 285 रिचार्ज शाफ्ट जनभागीदारी से तैयार किए।
- 11 तालाबों से जलकुंभी निकाली और उनका पुनरुद्धार व गहरीकरण भी किया। इसमें आठ तालाब जनभागीदारी से संवारे।
- 23 शहर के अलग-अलग स्थानों पर पीजोमीटर केंद्रीय भूजल बोर्ड के माध्यम से लगे
- एसएएम प्रोजेक्ट के तहत शहर में पांच स्थानों पर रिचार्ज शाफ्ट
- रेवती रेंज लगे 12.5 लाख पौधों की सिंचाई कबीटखेड़ी ट्रीटमेंट प्लांट के उपचारित पानी से हो रही है।
- सिरपुर में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बना। इससे 10 हाइड्रेंट व 24 बगीचों की उपचारित पानी से सिंचाई हो रही।
- छोटा सिरपुर तालाब में सीवरेज पानी जाने से रोका।
- विश्राम बाग में उपचारित पानी से पौधों की सिंचाई
यह भी पढ़ें- इंदौर में अवैध जल कनेक्शन मिला तो होगी एफआईआर, दोगुना लगेगा जुर्माना
उज्जैन नगर निगम : वाटर रिचार्जिंग से अव्वल आने का होगा प्रयास
- सप्तसागर और इसके आसपास के 200 घरों में की गई वाटर रिचार्जिंग।
- महाकाल मंदिर परिसर में 16 स्थानों पर जल पुनर्भरण का कार्य हुआ।
- क्षिप्रा नदी तट पर मिथिला घाट बनायापुलिस ट्रेनिंग कालेज परिसर में पांच हजार पौधे लगाए गए
- सदावल में 92 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बना।
- नागझिरी में 170 घरों का सीवरेज सिस्टम मुख्य पाइप लाइन से जोड़ा।
- 9660 निजी घरों में वाटर रिचार्जिंग हुई।
यह भी पढ़ें- इंदौर पांचवी बार राष्ट्रीय जल पुरस्कार का दावेदार, उज्जैन और बड़वानी भी दौड़ में