
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। जल संरक्षण और पुनर्भरण कार्यों का आकलन करने के लिए शुक्रवार को सातवें राष्ट्रीय जल पुरस्कार की प्रतियोगिता में शामिल इंदौर का निरीक्षण किया गया। इंदौर इस प्रतियोगिता में पांचवीं बार शामिल है। जांच दल में सेंट्रल वाटर कमीशन के डायरेक्टर करण सिंह सैनी, सेंट्रल ग्राउंड वाटर बोर्ड के रीजनल सेंटर के वरिष्ठ विज्ञानी राकेश सिंह और वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार नायक शामिल थे।
दल ने सबसे पहले रेवती रेंज में लगाए गए पौधों और उपचारित पानी से उनकी सिंचाई की व्यवस्था देखी। इसके बाद सदस्य डेली कॉलेज परिसर पहुंचे और खेल मैदान तथा उद्यान में नगर निगम की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे उपचारित पानी से सिंचाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
बिजलपुर स्थित निगम के नर्मदा प्रोजेक्ट के स्काडा सेंटर में अधिकारियों ने बताया कि शहर में पानी की निगरानी स्काडा सिस्टम के जरिए कैसे की जाती है। दल ने बिजलपुर में पानी की जांच के लिए बनी निगम की एनएबीएल प्रमाणित लैब और प्रतीक सेतु के पास उपचारित पानी के उपयोग की व्यवस्था भी देखी।
पश्चिम जोन में इस प्रतियोगिता के लिए इंदौर, उज्जैन और गुजरात के भावनगर व सूरत के बीच मुकाबला है। उज्जैन के बाद इंदौर का निरीक्षण भी पूरा हो गया। बड़वानी पश्चिम जोन में जिला श्रेणी का दावेदार है। वहां 21 नवंबर को निरीक्षण दल पहुंचेगा।
जांच दल ने रेसीडेंसी कोठी में एसएम 2.0 प्रोजेक्ट के तहत बने रिचार्ज शाफ्ट का अवलोकन किया। इस शाफ्ट को आइआइटी रुड़की ने डिजाइन किया है। सदस्य ट्रेजर टाउन कालोनी भी पहुंचे, जहां उन्होंने जनभागीदारी से किए गए जल पुनर्भरण कार्यों का निरीक्षण किया।
यह भी पढ़ें- National Water Awards: जल संरक्षण के लिए उज्जैन की परीक्षा आज, इंदौर की कल
गुरुवार शाम दल ने सदर बाजार की भूत बावड़ी देखी। नगर निगम ने बीते एक वर्ष में इसका जीर्णोद्धार किया है। इसके अलावा सदस्य डीआरपी लाइन में उस कुएं का निरीक्षण करने पहुंचे, जो पहले ध्वस्त हो चुका था। नगर निगम ने इसका जीर्णोद्धार कर यहां हाईड्रेंट बनाया है।
यह भी पढ़ें- इंदौर पांचवी बार राष्ट्रीय जल पुरस्कार का दावेदार, उज्जैन और बड़वानी भी दौड़ में