
कुलदीप भावसार, इंदौर। पीने के पानी के नाम पर पूरे शहर में चिल्ड वाटर प्लांट चल रहे हैं। रोजाना लाखों लीटर पानी शहरवासियों के हलक के नीचे उतारा जा रहा है, लेकिन यह पानी वास्तव में पीने लायक है या नहीं, इसकी कहीं कोई जांच नहीं हो रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि चूंकि यह पानी सीलबंद नहीं होता, इसलिए इसकी गुणवत्ता जांचने के लिए कभी कोई व्यवस्था ही नहीं बनाई गई।
नगर निगम की टीम जांच के नाम पर कभी-कभार प्लांटों (Indore Chilled Water Plants) पर पहुंचती भी है तो सफाई व्यवस्था और व्यापार लाइसेंस देखकर लौट जाती है। पीने के पानी के नाम पर बेचे जा रहे चिल्ड वाटर सेहत के लिए कितना सुरक्षित है, इसकी जांच ही नहीं हो पाती।
इंदौर में 500 से ज्यादा चिल्ड वाटर प्लांट हैं। कोई भी व्यक्ति गुमास्ता लाइसेंस और नगर निगम का व्यापार लाइसेंस लेकर प्लांट चालू कर सकता है। यहां आरओ प्लांट से गुजारने के बाद पानी को ठंडा कर केन में भर दिया जाता है। जिन केन में यह पानी भरा जाता है, वे सीलबंद नहीं होतीं।
यही वजह है कि सीलबंद पानी की श्रेणी में नहीं आने से चिल्ड वाटर जांच से बच जाता है। आश्चर्य की बात यह है कि प्लांट के लिए किसी तरह का फूड लाइसेंस भी नहीं लगता, क्योंकि चिल्ड वाटर प्लांट फूड लाइसेंस की किसी श्रेणी में शामिल ही नहीं है।
शहर के आधे से ज्यादा शासकीय कार्यालयों में कर्मचारी चिल्ड वाटर के भरोसे हैं। इसके अलावा बाजारों में भी व्यापारी और ग्राहक इन्हीं केन के पानी पर निर्भर रहते हैं। इसकी वजह है कि नगर निगम की जलापूर्ति सुबह के वक्त होती है, जब शासकीय कार्यालय और बाजार बंद रहते हैं।
शहर में जगह-जगह खोदाई के चलते कई क्षेत्रों में नलों से दूषित और बदबूदार पानी आने की शिकायतें मिलती हैं। इन क्षेत्रों में भी कई रहवासी पीने के पानी के रूप में इसी केन में भरे चिल्ड वाटर का उपयोग करते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में यशवंत सागर को नर्मदा के पानी से भरा जाएगा, जलसंकट होगा दूर
शहर में चल रहे चिल्ड वाटर प्लांटों के जरिए केन में बेचा जा रहा पानी लगभग सभी जगह बोरिंग के माध्यम से जमीन के भीतर से निकाला जा रहा है। प्लांट संचालक बोरिंग के पानी को आरओ प्लांट से गुजारकर उसकी कठोरता खत्म कर देते हैं।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बोतलबंद पानी की जांच में फिसड्डी खाद्य विभाग, सालभर में सिर्फ 20 नमूने जांचे
यह बात सही है कि चिल्ड वाटर की जांच का कोई सिस्टम नहीं है। विक्रेता भी इसे पीने का पानी के नाम से नहीं, बल्कि चिल्ड वाटर के नाम पर बेच रहे हैं। - मनीष स्वामी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी, इंदौर