
Rangpanchami 2024: नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर की परंपरागत रंगपंचमी की गेर इस बार मुख्यमंत्री मोहन यादव की मौजूदगी से और भी खास हो रही है। गेर के दौरान राजवाड़ा व आसपास क्षेत्र के रहवासियों को बिजली गुल होने से परेशान होना पड़ सकता है। गेर को लेकर मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने भी खास तैयारी की है। शहर वृत्त टीम ने गेर मार्ग का निरीक्षण भी किया।

शहर अधीक्षण यंत्री मनोज शर्मा ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों के साथ टोरी कार्नर, मल्हारगंज से लेकर राजवाड़ा, कृष्णपुरा तक के गेर मार्ग का निरीक्षण किया है। पूरे मार्ग पर केबल व तार पर्याप्त व सुरक्षात्मक ऊंचाई पर हैं। गेर के दौरान सुभाष चौक जोन पर बिजली कंपनी का अस्थायी कंट्रोल रूम कार्यरत रहेगा। विभिन्न ट्रांसफार्मरों के पास बिजली कर्मचारी तैनात रहेंगे। सुबह से शाम तक गेर जिस लोकेशन से गुजरेगी, एक के बाद एक वहां के ट्रांसफार्मर को बंद किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से बिजली बंद की जाएगी। गेर की भीड़, पानी आदि से किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। क्षेत्र से संबंधित तीन ग्रिडों पर भी विशेष रूप से बिजली कंपनी की टीमें तैनात रहेंगी।
मप्र पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन ने इंदौर जिले के 62 और कंपनी क्षेत्र के सभी 434 बिजली बिल भुगतान केंद्र मार्च के अंतिम तीन दिन अवकाश के बाद भी खुले रखने का निर्णय लिया है। वित्तीय वर्ष के समापन दिवसों में राजस्व लक्ष्य अर्जित करने के साथ ही उपभोक्ता सुविधा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। निर्णय के अनुसार 29 मार्च को गुड फ्राइडे, 30 मार्च के शनिवार के कार्यालयीन अवकाश एवं 31 मार्च रविवार को भी कंपनी क्षेत्र के बिल भुगतान केंद्र खुले रहेंगे।
बकायादार उपभोक्ता अलावा मोबाइल, कम्प्यूटर, लैपटॉप, टेबलेट के माध्यम से कैशलेस तरीके से घर, दफ्तर में बैठे बिजली बिलों का आसानी भुगतान कर सकते हैं। कैशलेस भुगतान पर प्रति बिल पर बिजली नियामक आयोग के आदेशानुसार छूट भी प्रदान की जाती है। यह छूट अगले बिल में स्पष्ट दिखाई देती है।