
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर को स्वच्छता में लगातार चुनौती देने वाले नवी मुंबई और सूरत ने आखिरकार उसे पीछे छोड़ दिया। बुधवार को घोषित स्वच्छ सर्वेक्षण के परिणाम में दोनों शहरों ने सुपर स्वच्छ लीग में क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। इन शहरों की सफलता अचानक नहीं मिली, बल्कि इसके पीछे वर्षों का निरंतर प्रयास, व्यवस्थाओं में सुधार और दूसरे शहरों से सीखने की प्रवृत्ति रही।
वर्ष 2020 से ही ये दोनों शहर इंदौर को कड़ी टक्कर दे रहे थे। कई सर्वेक्षणों में इनके और इंदौर के अंकों का अंतर भी बहुत कम रहा। खास बात यह है कि नवी मुंबई और सूरत के प्रतिनिधिमंडल समय-समय पर इंदौर आते रहे। यहां की सफाई व्यवस्था, नवाचारों और प्रयोगों को समझकर उन्होंने अपनी व्यवस्थाओं में बदलाव किए। कचरा प्रबंधन से लेकर नागरिक सहभागिता तक कई स्तरों पर लगातार सुधार किया।
दूसरी ओर, लगातार मिल रही जीत के बाद इंदौर की व्यवस्था में वह गति और सतर्कता नहीं बनी रह सकी। नियमित निगरानी और सालभर बेहतर प्रदर्शन बनाए रखने की चुनौती पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा यह हुआ कि जो शहर कभी इंदौर से सीखने आते थे, वे अब उससे आगे निकल गए हैं।

वर्ष 2020 से 2023 तक के परिणामों में सूरत लगातार इंदौर के दूसरे स्थान के आसपास रहा। वर्ष 2023 में दोनों शहर संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहे। नवी मुंबई ने भी कई बार तीसरा स्थान हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
वर्ष 2024-25 में इंदौर सुपर स्वच्छ लीग में पहले स्थान पर रहा, जबकि सूरत और नवी मुंबई भी इसी लीग का हिस्सा बने। इस बार दोनों शहरों ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल कर इंदौर की बादशाहत को पीछे छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- स्वच्छता में फिर नंबर-1 बना MP: देश में सबसे ज्यादा 9 शहरों को पुरस्कार,राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

वर्ष 2016 के सर्वेक्षण में इंदौर 25वें स्थान पर था। 2017 में इंदौर 434 शहरों में पहले स्थान पर पहुंचा। इसके बाद लगातार छह बार देश में पहला स्थान हासिल किया। 2023 में सूरत के साथ संयुक्त रूप से अव्वल रहा।
यह भी पढ़ें- Swachh Survekshan: इंदौर की अंगुली थाम देपालपुर ने तय किया 1710 से शीर्ष तक के सफर