
MP Harda Blast भरत मानधन्या इंदौर। हरदा के मगरदा रोड स्थित बैरागढ़ क्षेत्र में मंगलवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट से पूरा क्षेत्र दहल गया। आलम कुछ यूं था कि धमाके की आवाज के बाद सभी अपने-अपने वाहन छोड़कर भागने लगे। मौके से करीब 40 किलोमीटर दूर का क्षेत्र दहल कर। कच्चे मकान गिर गए, सरकारी अस्पताल के कांच चटक गए। इस हादसे को लेकर 'नईदुनिया' ने स्थानीय व्यक्ति से बात की, जिसने हादसे का आंखों देखा हाल बताया।
मै संतोष कसदे सुबह 11.30 बजे पटाखा फैक्ट्री से 800 मीटर दूर स्थिति घंटाघर बाजार में खड़ा था। इसी समय पटाखा फैक्ट्री में छोटा विस्फोट हुआ। विस्फोट सुनकर कुछ लोग मदद के लिए फैक्ट्री की ओर दौड़े। लेकिन 11.40 पर फैक्ट्री में एक बड़ा विस्फोट हुआ और मौके पर चीख-पुकार मच गई और जो लोग मदद के लिए गए थे, वे लोग भी भागने लगे। बड़े धमाके से घंटाघर बाजार भी दहल गया और व्यापारी अपनी दुकान बंद कर भागने लगे और ग्राहक भी अपने वाहन वहीं छोड़कर भाग गए। फैक्ट्री से उठे धूल के कण घंटाघर बाजार तक आ गए और कुछ ही देर में बाजार खाली हो गया।
बकौल संतोष कसदे, फैक्ट्री में ब्लास्ट से पत्थर, लोहे के टुकड़े और टीन शेड 500 मीटर दूर तक उड़कर गिरेऔर भागने वाले लोगों को जाकर लगे। पत्थर सिर में लगने से किसी की मौके पर ही मौत हो गई, तो टीन शेड से किसी का हाथ ही कट गया। मौके से 5000 मीटर की दूरी पर जितने भी मकान थे, वे सब इसकी जद में आ गए। कच्चे मकान तो धराशाई हो गए। करीब एक घंटे तक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट होते रहे।
पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट की गूंज और कंपन दूर-दूर तक महसूस की गई। माैके से 40 किलोमीटर दूर सिवनी मालवा स्थित है, धमाके से यहां तक की धरती कांप गई। इतना ही नहीं बैरागढ़ से करीब 30 किमी दूर स्थित टिमरनी, 35 किमी दूर स्थित खिड़किया और इतनी ही दूर स्थित खातेगांव में इन धमाकों की गूंज से धरती कांप गई।
मौके से दो किलोमीटर दूर स्थित जिला पंचायत कार्यालय में जनसुनवाई चल रही थी, जब धमाके हुए तो सभी वहां से निकल गए और 10 से 15 मिनट बाद भी अधिकारी मौके पर पहुंचना शुरू हो गए।
#WATCH मध्य प्रदेश के हरदा में पटाखा फैक्ट्री में आग बुझाने का काम जारी है। आज सुबह फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था।
हादसे में 6 लोगों की मृत्यु हुई है और 59 अन्य घायल हैं। pic.twitter.com/vqHtGcZxw5
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 6, 2024
बैरागढ़ से ही करीब दो किमी दूर सरकारी अस्पताल भी है, धमाका हुआ तो अस्पताल के कांच चटक गए। इसके साथ ही आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।
जिस स्थान पर हादसा हुआ उससे महज 500 मीटर की दूरी पर पेट्रोल पंप भी है। गनीमत रही कि आग की लपटें वहां तक नहीं पहुंची, वरना वहां भी भारी घटना हो सकती है।