
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र के गंगानगर स्थित पीएम श्रीरानी दुर्गावती उच्चतर माध्यमिक शाला में कक्षा सातवीं की छात्रा को डस्टर फेंककर मारने के मामले में शिक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
मामले में शिक्षक द्वारा माफीनामा दिए जाने और छात्रा के परिजनों से समझौता होने के कारण पुलिस में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। हालांकि शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुलिस कार्रवाई अलग विषय है और विभाग अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच करेगा। जांच में शिक्षक दोषी पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई, जब कक्षा सातवीं की छात्राएं कक्षा में बैठी थीं और शिक्षक आशीष जैन पढ़ा रहे थे। इसी दौरान शिक्षक ने एक छात्रा को किसी अन्य छात्रा से बातचीत करते देखा।
आरोप है कि शिक्षक ने नाराज होकर छात्रा की ओर डस्टर फेंक दिया। डस्टर छात्रा के सिर में लगा, जिससे उसे चोट आई और खून निकलने लगा। कक्षा में मौजूद अन्य छात्राओं ने उसे संभाला।
चोट लगने के बाद छात्रा ने घर जाने की बात कही, लेकिन कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे चक्कर आने की शिकायत हुई। स्थिति की जानकारी अन्य शिक्षकों के माध्यम से परिजनों को दी गई, जिसके बाद छात्रा को अस्पताल ले जाकर जांच और उपचार कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक से जवाब मांगा है। विभागीय अधिकारियों द्वारा स्कूल के अन्य शिक्षकों और संबंधित पक्षों से भी जानकारी ली जा रही है। शिक्षक ने मामले में माफीनामा भी दिया है। वहीं, परिजनों और शिक्षक के बीच समझौता होने की बात सामने आई है।
सहायक संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी ने कहा कि छात्रा को चोट पहुंचने की बात सामने आई है और उसका उपचार भी कराया गया है। शिक्षक से जवाब मांगा गया है तथा मामले के अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पूरी जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- छिंदवाड़ा एसपी अजय पांडे ने कोर्ट में मांगी माफी, गिरफ्तारी वारंट निरस्त; पूर्व आदेश के पालन के लिए 15 दिन की मोहलत