
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । अधारताल थाना क्षेत्र में हुई चार नकबजनी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप दीप घसिया (25) निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम और चिंटू उर्फ अनूप कुमार (30) निवासी घसिया कॉलोनी, अधारताल के रूप में हुई है। अनूप मूल रूप से भिलाई पावर हाउस, छत्तीसगढ़ का रहने वाला है।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज में मिले हुलिए के आधार पर आरोपियों की तलाश की गई। पुलिस ने महाराजपुर, अधारताल क्षेत्र से दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चार अलग-अलग मकानों के ताले तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर सोने की दो अंगूठियां, नथ, बेंदी सहित करीब 25 ग्राम सोना तथा करीब 1500 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। इनमें करधन, चूड़ियां, पायल, सिक्के, लॉकेट, छत्र, मूर्ति, बेड़ी, बिछिया और बेलपत्र समेत अन्य सामान शामिल है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पुलिस चौकी पर नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल बम फेंके, कारावास के साथ अर्थदंड भी लगाया