
नई दुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रदेश के हजारों माध्यमिक और उच्च माध्यमिक शिक्षकों के लिए अपनी वरिष्ठता संबंधी जानकारी दुरुस्त कराने का अंतिम अवसर दिया गया है।
लोक शिक्षण संचालनालय, भोपाल ने एक अप्रैल 2026 की स्थिति में तैयार अंतरिम पदक्रम सूची जारी कर दी है। सूची में दर्ज विवरण में किसी तरह की त्रुटि होने पर शिक्षक 25 अक्टूबर तक संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद सूची में सुधार का अवसर नहीं मिलेगा। संचालनालय ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। यदि नाम, सेवा संबंधी विवरण या अन्य प्रविष्टियों में कोई अंतर मिलता है, तो संबंधित शिक्षक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना अभ्यावेदन प्रस्तुत करना होगा।
शिक्षकों से प्राप्त होने वाले आवेदनों की शुरुआती जांच संकुल प्राचार्य करेंगे। इसके लिए अभ्यावेदन में दी गई जानकारी का संबंधित शिक्षक के सेवा अभिलेखों से मिलान किया जाएगा। परीक्षण के बाद नियमानुसार अपनी टिप्पणी दर्ज कर सभी प्रकरणों को जिला शिक्षा अधिकारी के पास भेजा जाएगा।
इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी स्तर पर गठित समिति इन आवेदनों की समीक्षा करेगी। समिति सेवा अभिलेखों के आधार पर तथ्यों की जांच कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी करेगी। संशोधित जानकारी को संचालनालय की ओर से उपलब्ध कराए गए एक्सेल साफ्टवेयर में दर्ज किया जाएगा।
जिला स्तर पर जानकारी अपडेट होने के बाद संबंधित संभाग के संयुक्त संचालक इसका परीक्षण करेंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य वरिष्ठता सूची में दर्ज विवरण की शुद्धता सुनिश्चित करना है, ताकि शिक्षकों की सेवा संबंधी जानकारी नियमानुसार दर्ज हो सके।
संचालनालय ने उच्च पद का प्रभार प्राप्त कर चुके शिक्षकों के संबंध में भी स्थिति स्पष्ट की है। ऐसे शिक्षक वर्तमान में भले ही किसी अन्य संभाग में पदस्थ हों, लेकिन उनका मूल संवर्ग मूल संभाग में ही मान्य किया जाएगा। उन्हें उच्च पद का प्रभार मिलने से पहले जिस संभाग में पदस्थापना थी, वहां के संभागीय संयुक्त संचालक के समक्ष अपना अभ्यावेदन प्रस्तुत करना होगा।