
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी की विशिष्ट प्राकृतिक धरोहर बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण और उसके आसपास की जमीन के स्वामित्व से जुड़े मामले में हाई कोर्ट ने राज्य सरकार सहित अन्य को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच की ओर से दायर जनहित याचिका पर बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान न्यायालय ने यह कदम उठाया। याचिका में मदनमहल की पहाड़ियों पर स्थित बैलेंसिंग रॉक को संरक्षित विरासत स्थल घोषित करने और संबंधित भूमि का स्वामित्व राज्य सरकार के नाम दर्ज कराने की मांग की गई है।
मदनमहल किले से 400 मीटर दूर चट्टान
याचिकाकर्ता ने केंद्र सरकार, मध्य प्रदेश शासन, जिला कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त जबलपुर और मध्य प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को पक्षकार बनाया है। मंच की ओर से अधिवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने न्यायालय को बताया कि मदनमहल किले से लगभग 400 मीटर की दूरी पर स्थित यह प्राकृतिक चट्टान अपनी विशिष्ट भूवैज्ञानिक संरचना के कारण देशभर में अलग पहचान रखती है।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में 70,979 किसानों ने बेचा धान, एक दिन में हुई 63 हजार टन से अधिक खरीदी
बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण की मांग
याचिका में तमिलनाडु के महाबलिपुरम स्थित कृष्णा बटरबाल का उदाहरण देते हुए बैलेंसिंग रॉक के संरक्षण और पर्यटन की दृष्टि से विकास की आवश्यकता बताई गई है। याचिका में बैलेंसिंग रॉक को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की संरक्षित सूची में शामिल करने तथा यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में स्थान दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास करने की मांग भी की गई है। अब संबंधित पक्षकारों के जवाब के बाद मामले में आगे की सुनवाई होगी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा भाजपा की टीम यूपी में उतरी, सीएम योगी के समर्थन में घर-घर पहुंच रहीं 73 नेत्रियां