जबलपुर में 8.68 करोड़ की धोखाधड़ी, फर्मों के अकाउंटिंग डेटा में लगाई सेंध; EOW ने 8 अलग-अलग दर्ज की FIR
शहर की आठ मेडिकल और व्यावसायिक फर्मों के अकाउंटिंग डेटा में सेंध लगाकर आठ करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 07:30:15 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 07:30:15 PM (IST)
फर्मों के जीएसटी रिकॉर्ड में हेराफेरी, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- फर्मों के जीएसटी रिकॉर्ड में हेराफेरी
- स्क्रीन शेयरिंग से हासिल किया डेटा
- EOW ने दर्ज कीं आठ एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर की आठ मेडिकल और व्यावसायिक फर्मों के अकाउंटिंग डेटा में सेंध लगाकर आठ करोड़ 68 लाख 30 हजार 286 रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) की जबलपुर इकाई ने जांच के बाद इस मामले में आठ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
आरोप है कि एकाउंटेंट और उसके सहयोगियों ने फर्म संचालकों का विश्वास जीतकर उनके कंप्यूटरों में मौजूद अकाउंटिंग डेटा हासिल किया और उसमें हेराफेरी कर फर्जी जीएसटी बिलिंग के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का अवैध लाभ लिया। इस पूरी प्रक्रिया में बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए करोड़ों रुपये का फर्जी कारोबार दर्शाया गया।
अकाउंटिंग डेटा के साथ की गई छेड़छाड़
ईओडब्ल्यू के अनुसार, महादेव फार्मा के प्रोपराइटर दीपांशु दीक्षित, एसटी ड्रग हाउस के प्रोपराइटर मोहन अंबवानी सहित अन्य फर्म संचालकों ने इस संबंध में शिकायत की थी। शिकायत की जांच उप पुलिस अधीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी ने की। जांच के दौरान राज्य कर (जीएसटी) विभाग से प्राप्त रिपोर्ट और साक्ष्यों का परीक्षण किया गया, जिसमें अकाउंटिंग डेटा के साथ छेड़छाड़ और फर्जी लेनदेन के तथ्य सामने आए।
स्क्रीन शेयरिंग से हासिल किया डेटा, ओटीपी भी लिए
जांच में सामने आया कि आरोपितों ने फर्म संचालकों का विश्वास जीतकर उनके कंप्यूटरों से स्क्रीन शेयरिंग साफ्टवेयर के माध्यम से एमएआरजी अकाउंटिंग साफ्टवेयर का डेटा अपने कंप्यूटरों में हासिल कर लिया।
इसके अलावा जीएसटी रिटर्न दाखिल करने के नाम पर संचालकों के मोबाइल पर आने वाले ओटीपी भी प्राप्त किए गए। आरोप है कि इसी पहुंच का दुरुपयोग कर एक मार्च, 2022 से 26 दिसंबर, 2025 के बीच फर्मों के बिल और इलेक्ट्रानिक रिकार्ड में अवैध बदलाव किए गए।
स्वजनों की फर्मों में ट्रांसफर की आईटीसी
आरोपितों ने बिना वास्तविक खरीद-बिक्री या व्यावसायिक लेनदेन के फर्जी टर्नओवर और आइटीसी के आंकड़े तैयार किए। इसके बाद शिकायतकर्ता फर्मों की आइटीसी को आरोपियों और उनके परिजनों के स्वामित्व वाली फर्मों में फर्जी तरीके से हस्तांतरित कर आर्थिक लाभ लिया गया। इस तरह शिकायतकर्ता फर्मों को कुल 8.68 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक क्षति पहुंचाई गई।