
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गोलबाजार में नवरात्र पर आयोजित मेले में रविवार रात बड़ा हादसा टल गया। झूला झूलते समय रील बनाने के दौरान झूले का गेट अचानक खुल गया, जिससे दो लोग छिटककर बाहर गिर गए और घायल हो गए।
हादसा रविवार रात करीब 11 बजे का है। नवरात्र में प्रतिमा दर्शन के लिए सड़कों पर श्रद्धालुओं की भीड़ थी। इसी दौरान गोलबाजार मेले में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। परिवार के साथ आए लोग झूलों का आनंद ले रहे थे। इसी बीच आशीष यादव और पल्लवी नाम की बालिका जमीन के समानांतर तेजी से गोल घूमने वाले झूले में सवार हुए।
बताया जा रहा है कि गेट के पास खड़ी पल्लवी मोबाइल से रील बना रही थी। आशीष भी उसके पास ही था। झूले में करीब 20 लोग सवार थे। झूला घूम रहा था, तभी अचानक उसका गेट खुल गया। गेट खुलते ही दोनों छिटककर बाहर गिर पड़े।
हादसे के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और लोग घबरा गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को उठाया और निजी अस्पताल पहुंचाया। पल्लवी को अपेक्षाकृत अधिक चोट आई है, लेकिन दोनों की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है। झूले की गति अधिक नहीं होने और जमीन के करीब संचालित होने से बड़ा हादसा टल गया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नौकरी की तलाश में आई महिला से दुष्कर्म, मैनेजर ने शादी से किया इनकार, FIR दर्ज
झूले के संचालन के दौरान गेट का लाक रहना अनिवार्य है। ऐसे में घूमते हुए झूले का गेट कैसे खुल गया, यह जांच का विषय बन गया है। आशंका जताई जा रही है कि गेट लाक करने में लापरवाही बरती गई या उसमें कोई तकनीकी खामी थी। घायल बच्चों के परिजनों ने पुलिस से शिकायत की है। लार्डगंज पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद मेले में झूलों की सुरक्षा और संचालन व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- MP Weather: मध्यप्रदेश में दशहरे पर बिगड़ेगा मौसम, इंदौर-उज्जैन समेत 15 जिलों में अगले 4 दिन आंधी-बारिश का अलर्ट जारी