हाई कोर्ट ने भोपाल कलेक्टर को भेजा 5 हजार का जमानती वारंट, अदालत में पेश नहीं हुए IAS अधिकारी
पूर्व में 500 रुपये का जमानती वारंट जारी होने के बावजूद कलेक्टर की ओर से न्यायालय में उपस्थिति नहीं हुई।
Publish Date: Sat, 28 Nov 2026 09:02:34 PM (IST)Updated Date: Sat, 28 Nov 2026 09:02:34 PM (IST)
16 दिसंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई,HighLights
- पिछले वारंट के बाद हाजिर नहीं हुए कलेक्टर
- 16 दिसंबर को होगी मामले की अगली सुनवाई
- अब कोर्ट ने 5 हजार रुपए का जारी किया वारंट
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। हाई कोर्ट ने भोपाल कलेक्टर की अनुपस्थिति पर सख्त रुख अपनाते हुए पांच हजार रुपये का जमानती वारंट जारी करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व में 500 रुपये का जमानती वारंट जारी होने के बावजूद कलेक्टर की ओर से न्यायालय में उपस्थिति नहीं हुई।
शनिवार को जस्टिस दीपक खोत की एकलपीठ ने कार्यालय कलेक्टर, भोपाल के वर्तमान पदधारी की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नया वारंट जारी किया। अब वर्तमान कलेक्टर आईएएस प्रियंक मिश्रा को न्यायालय में उपस्थित होना होगा। मामला भोपाल निवासी अलका वाईकर सहित अन्य की याचिका से संबंधित है।
जमीन पर अधिग्रहण और मुआवजे का मामला
याचिकाकर्ताओं का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए निर्धारित 80 वर्गफुट भूमि से अधिक अतिरिक्त जमीन का उपयोग किया गया, लेकिन उसके अधिग्रहण और मुआवजे पर उचित कार्रवाई नहीं हुई। हाई कोर्ट ने पूर्व में कलेक्टर को अर्जित की गई पूरी भूमि के मुआवजे के संबंध में दोबारा विचार करने के निर्देश दिए थे।
28 नवंबर को पेश नहीं हुए कलेक्टर
11 सितंबर 2026 को न्यायमूर्ति विवेक जैन की पीठ ने अनुपालन रिपोर्ट में कमियां पाते हुए तत्कालीन कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 500 रुपये का जमानती वारंट जारी किया था। इसके बावजूद 28 नवंबर की सुनवाई में भी कलेक्टर की ओर से कोई उपस्थित नहीं हुआ।
याचिकाकर्ताओं की ओर से अधिवक्ता प्रतीक जैन ने न्यायालय को पूर्व आदेश और उसके पालन की स्थिति से अवगत कराया। इस पर एकलपीठ ने पांच हजार रुपये का जमानती वारंट जारी करने का निर्देश दिया। मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।