
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कांचघर-स्टेशन रोड पर के डामरीकरण का कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे आसपास रहने वाले रहवासियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। उड़ती धूल से न केवल लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है, बल्कि पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है।
पाइपलाइन बिछाने की थी खोदाई
अमृत 2.0 योजना के तहत क्षेत्र में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई की गई थी। पाइपलाइन डालने का काम पूरा होने के बाद सड़क के रीस्टोरेशन यानी पूर्व स्थिति में लाने का कार्य किया जाना था। इसके तहत सड़क का डामरीकरण किया जाना था, लेकिन संबंधित एजेंसी और जिम्मेदार विभाग की लापरवाही के चलते यह पूरी सड़क का रीस्टोरेशन करने की बजाये आधा अधूरा काम कर छोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली नेटवर्क सुधारने को मिले 1500 करोड़, पर खर्च हुए महज 96.85 करोड़, नए उपकेंद्रों का काम अटका
सड़क पर कई स्थानों पर गिट्टी और मिट्टी बिखरी हुई है। वाहनों की आवाजाही के दौरान धूल के गुबार उठते हैं, जो आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंच रहे हैं। इससे लोगों को सांस लेने में परेशानी के साथ ही आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को व्यवस्थित करना संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी है, लेकिन लंबे समय से अधूरा पड़ा काम लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। नागरिकों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द डामरीकरण कार्य पूरा कराने और सड़क को आवागमन योग्य बनाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- एमपी से राजस्थान तक के स्टेशनों पर सीधी नजर, 70 से अधिक वीडियो सर्विलांस से जुड़े; 24 घंटे रहेगी निगरानी