
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाली तीन प्रमुख इंटरसिटी ट्रेनों की चाल यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। रीवा और रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रास्ते में अक्सर विलंब का शिकार हो रही हैं। वहीं, अंबिकापुर इंटरसिटी रास्ते में काफी देर तक रोकी जा रही है।
इन ट्रेनों को कहीं घंटों आउटर पर खड़ा किया जा रहा है, तो कहीं अन्य ट्रेनों को निकालने के फेर में इंटरसिटी की रफ्तार थम रही है। इससे प्रतिदिन आवाजाही करने वाले यात्रियों के साथ आगे की यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं।
अंबिकापुर इंटरसिटी को आते-जाते न्यू कटनी जंक्शन और झलवारा के बीच अक्सर लंबे समय तक खड़ा रखा जाता है। यात्रियों का कहना है कि जबलपुर से कटनी साउथ तक पहुंचने में जितना समय लगता है, उतना ही समय कई बार ट्रेन इस हिस्से में खड़े-खड़े गंवा देती है। हालांकि, पर्याप्त रनिंग टाइम होने के कारण ट्रेन कई बार देरी के बावजूद निर्धारित समय पर पहुंच जाती है।
लेकिन कटनी के साथ अन्य प्रमुख स्टेशनों के आउटर पर भी काफी देर तक रोके रखने से सवार यात्री परेशान होते है। जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी को जाते समय गोंदिया की ओर और वापसी में गढ़ा स्टेशन से कछपुरा आउटर के बीच अक्सर लंबे इंतजार का सामना करना पड़ता है। वापसी में एक से डेढ़ घंटे तक ट्रेन खड़ी रहने से यात्रियों को परेशानी होती है।
देर रात जबलपुर पहुंचने के कारण आसपास के क्षेत्रों में जाने के लिए भी उन्हें साधन तलाशने पड़ते हैं। मदनमहल-रीवा इंटरसिटी सुपरफास्ट (22189/22190) यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण रेल सेवा है। नई समय-सारणी लागू होने के बावजूद इसकी लेटलतीफी बरकरार है। रास्तें में विलंब से यह ट्रेन रीवा अक्सर डेढ़ से दो घंटो की देरी से पहुंची है।
देर रात या उसके बाद पहुंचती है। देरी से यात्रियों की आगे की कनेक्टिविटी प्रभावित होती है। नियमित संचालन सुनिश्चित नहीं कर पा रहा रेलवे: यात्रियों का आरोप है कि रास्ते में मालगाड़ी एवं दूसरी ट्रेनों को प्राथमिकता देने के कारण इंटरसिटी को लूप लाइन या सिग्नल पर रोक दिया जाता है।
तीनों ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अधिक रहने के बावजूद नियमित संचालन सुनिश्चित नहीं हो पा रहा है। यात्रियों ने रेलवे से समय-सारणी के अनुरूप संचालन और अनावश्यक ठहराव रोकने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- बीना स्टेशन जाने वाले यात्री ध्यान दें! 25 अक्टूबर तक बदला 6 ट्रेनों का रूट, जानें नया शेड्यूल