
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर : डुमना एयरपोर्ट रोड के निर्माण एवं उन्नयन और एम्पायर टॉकीज चौक से बिलहरी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के काम को आगे बढ़ाने के लिए रक्षा मंत्रालय से जल्द अनुमति मिलने की उम्मीद है।
मध्य भारत एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल एचएस वन्द्रा ने गुरुवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह से मुलाकात के दौरान दोनों परियोजनाओं के संबंध में रक्षा मंत्रालय को प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी और शीघ्र अनुमति मिलने का भरोसा दिया।
सिविल लाइन स्थित मंत्री के निवास पर हुई मुलाकात में जबलपुर के चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा हुई। इसमें डुमना एयरपोर्ट रोड और एम्पायर-बिलहरी फ्लाईओवर प्रमुख रूप से शामिल रहे। दोनों परियोजनाओं के मार्ग का कुछ हिस्सा सेना की भूमि से संबंधित होने के कारण निर्माण कार्य आगे बढ़ाने के लिए रक्षा मंत्रालय की अनुमति आवश्यक है।
मुलाकात के दौरान मंत्री ने सेना की ऐसी भूमि से जुड़े मामलों का विषय भी उठाया, जहां लोग लंबे समय से मकान बनाकर रह रहे हैं। उन्होंने मानवीय दृष्टिकोण से ऐसे मामलों में राहत की संभावनाओं पर विचार करने का आग्रह किया।जीओसी ने कहा कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़े मामलों में सेना का दृष्टिकोण सकारात्मक रहा है और ऐसे मामलों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में तेज रफ्तार कार होटल में घुसी, अधिवक्ता की मौत; अंदर सो रहे 3 लोग घायल
यह भी पढ़ें- 70 हजार शिक्षकों की बड़ी जीत, 2006 से मिलेगा छठा वेतनमान, हाई कोर्ट ने सरकार को दी 4 हफ्ते की मोहलत