
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के नामी खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आ रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को राइट टाउन स्थित सागर गेरे का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान किचन में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली।
साथ ही बिरयानी बनाने में एक दिन पहले तैयार किए गए चावल का उपयोग किया जाना पाया गया। स्टोर में प्रतिबंधित एनालाग चीज भी मिली, जिसका उपयोग भोजन तैयार करने में किया जाना बताया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने सागर गेरे का निरीक्षण किया।
बिरयानी में एक दिन पुराने चावल का प्रयोग
जांच के दौरान किचन में स्वच्छता संबंधी कमियां मिलने के साथ बिरयानी के लिए एक दिन पुराने चावल का उपयोग किया जाना पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी माना। अनियमितताओं के संबंध में प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: मानसून की रफ्तार पर लगा ब्रेक, 37 जिलों में कोटा अधूरा; भोपाल और ग्वालियर समेत 18 जिलों का पूरा
19 किलो चीज जब्त
निरीक्षण के दौरान स्टोर में प्रतिबंधित एनालॉग चीज मिली। टीम ने मौके से एनालॉग चीज और सौंफ के नमूने जांच के लिए लिए हैं। वहीं, शेष 19 किलो एनालॉग चीज के पैकेट जब्त कर लिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग अब प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगा।
विशाल मेगा मार्ट का भी निरीक्षण
इधर, शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने राइट टाउन स्थित विशाल मेगा मार्ट का भी निरीक्षण किया। यहां से सूजी और दलिया के पैकेट के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं। विभाग के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।