
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर के प्रमुख मार्ग शास्त्री ब्रिज को आकर्षक और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम प्रशासन ने एक और पहल की है। अब यह ब्रिज ‘हमारी संस्कारधानी, हमारा जबलपुर’ के स्लोगन वाले साइन बोर्ड के साथ शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत करेगा।
नगर निगम द्वारा शास्त्री ब्रिज के दोनों तरफ लगाए गए साइन बोर्ड के स्थान पर अब वीरांगना रानी दुर्गावती, मदनमहल किला और बैलेंसिंग रॉक के आकर्षक कटआउट लगाए जा रहे हैं।
लोगों का ध्यान किया जाएगा आकर्षित
एलईडी लाइट से सुसज्जित इन कटआउट को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि रात के समय भी ये लोगों का ध्यान आकर्षित करें।
यह भी पढ़ें- MP Weather: मानसून की रफ्तार पर लगा ब्रेक, 37 जिलों में कोटा अधूरा; भोपाल और ग्वालियर समेत 18 जिलों का पूरा
इस पहल का उद्देश्य शास्त्री ब्रिज की सुंदरता बढ़ाने के साथ जबलपुर की ऐतिहासिक पहचान को भी प्रमुखता से प्रदर्शित करना है। ब्रिज से गुजरने वाले लोगों को शहर की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का यह प्रयास पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जबलपुर की छवि होगी मजबूत
रानी दुर्गावती के शौर्य, मदनमहल किले की ऐतिहासिकता और बैलेंसिंग रॉक की प्राकृतिक विशेषता को दर्शाते ये कटआउट शास्त्री ब्रिज को शहर की पहचान से जोड़ने का काम करेंगे। इससे ब्रिज की सुंदरता के साथ जबलपुर की संस्कारधानी वाली छवि भी और मजबूत होगी।
यह भी पढ़ें- 'कलेक्टर ने स्वतंत्र रूप से मस्तिष्क का प्रयोग नहीं किया..' हाई कोर्ट से एनएसए में बंद दो भाइयों को मिली राहत