
नईदूनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गढ़ा क्षेत्र के शासकीय कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध संसाधनों और संचालित कक्षाओं के बीच बड़ा अंतर सामने आया है। कॉलेज की मौजूदा व्यवस्था महज दो कमरों पर टिकी है। इनमें से एक कमरे में स्टाफ बैठता है, जबकि दूसरे कमरे में स्नातक प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की कक्षाएं संचालित की जाती हैं।
यानी अलग-अलग वर्षों के विद्यार्थियों के लिए स्वतंत्र कक्ष उपलब्ध नहीं हैं। कॉलेज के पास अपना पर्याप्त भवन भी नहीं है और स्कूल परिसर में संचालित होने के कारण कक्षाओं के लिए स्कूल की छुट्टी का इंतजार करना पड़ता है।
नाराज छात्रों का हंगामा
बुधवार को विद्यार्थियों ने इस व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हंगामा किया, सुविधाएं बढ़ाने की मांग की। छात्रों का कहना है कि अलग-अलग वर्षों की कक्षाएं एक ही कमरे में संचालित होने से पढ़ाई प्रभावित होती है।
यह भी पढ़ें- Gwalior Weather: शहर में धूप-बारिश का खेल जारी, हल्की बूंदाबादी के बाद पारा 34 के पार, आगामी दिनों में ऐसा रहेगा मौसम
उन्होंने पर्याप्त कक्ष, बैठने की व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। कॉलेज भवन के अभाव में सीमित संसाधनों में पढ़ना पड़ रहा है। जमीन चिन्हित होने के बावजूद जब तक स्थायी भवन तैयार नहीं होता, तब तक अंतरिम व्यवस्था को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी संबंधित विभाग और कॉलेज प्रशासन की होगी।
विद्यार्थियों की मांग है कि स्थायी समाधान के साथ तत्कालीन जरूरतों पर भी ध्यान दिया जाए। हालांकि, विभाग की ओर से कॉलेज के लिए आईटी पार्क के पास जमीन चिन्हित किए जाने की जानकारी दी गई है।
जमीन चिन्हित, भवन अभी बाकी
गढ़ा कॉलेज के लिए आईटी पार्क के पास जमीन चिन्हित की जा चुकी है। क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, जबलपुर संभाग डॉक्टर अल्केश चतुर्वेदी के अनुसार जमीन मिलने की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद कॉलेज भवन और आवश्यक सुविधाओं के लिए कार्रवाई आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में लंपी वायरस का कहर जारी, विभाग अब दिन की जगह रात में करेगा टीकाकरण, अब तक 45 गायों की मौत
छात्रों की प्रमुख मांगें...
प्रत्येक वर्ष के लिए अलग कक्ष उपलब्ध हों।
वर्तमान परिसर में तत्काल जरूरी सुविधाएं बढ़ाई जाएं।
बैठने की पर्याप्त व्यवस्था हो।
नए भवन की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
कॉलेज के लिए स्वतंत्र और पर्याप्त परिसर विकसित किया जाए।
कालेज की मौजूदा तस्वीर...
कुल उपलब्ध कमरे : 02
स्टाफ के लिए : 01 कमरा
कक्षाओं के लिए : 01 कमरा
संचालित कक्षाएं : स्नातक प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष।
परिसर : स्कूल के साथ साझा
अलग कॉलेज भवन : पर्याप्त व्यवस्था नहीं
गढ़ा कॉलेज के लिए आईटी पार्क के पास जमीन चिन्हित की जा चुकी है। जल्द ही कॉलेज को जमीन मिलने की प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद कॉलेज के लिए आवश्यक भवन और अन्य सुविधाओं की दिशा में आगे की कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर, अल्केश चतुर्वेदी, क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, जबलपुर संभाग