जबलपुर नगर निगम में करोड़ों का घोटाला! 2 करोड़ की स्वीपिंग मशीन पौने 10 करोड़ में खरीदी, कांग्रेस का बड़ा आरोप
जबलपुर नगर निगम में कांग्रेस ने महंगी मशीन खरीदी, बिना टेंडर दुकान आवंटन और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की 885 करोड़ की फाइलें चोरी होने का आरोप लगाकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Publish Date: Sun, 25 Oct 2026 10:40:43 AM (IST)Updated Date: Sun, 25 Oct 2026 10:40:43 AM (IST)
जबलपुर नगर निगम में करोड़ों का घोटाला! (नईदुनिया)HighLights
- जबलपुर नगर निगम में कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप।
- 2 करोड़ की स्वीपिंग मशीनें पौने 10 करोड़ में खरीदीं।
- कचरा गाड़ियों और मशीन खरीदी में भी भारी वित्तीय धांधली।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर: मध्य प्रदेश में नगरीय निकायों में सामानों की खरीदी को लेकर मचे बवाल के बीच कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम प्रशासन पर भी गंभीर आरोप मढ़े हैं। नगर निगम में मशीनों और वाहनों की खरीदी से लेकर सरकारी दुकानों के आवंटन में कांग्रेस पार्षद दल ने अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं।
शनिवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में नेता प्रतिपक्ष अमरीश दुबे, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी और सचेतक अयोध्या तिवारी ने कांग्रेस पार्षद दल ने 31 जनवरी 2025 को उठाए गए मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि तीन रोड स्वीपिंग मशीनों की कीमत करीब दो करोड़ रुपए होने के बावजूद इन्हें पौने 10 करोड़ रुपए में खरीदा गया। पूर्व में खरीदी गई दो स्वीपिंग मशीनों की गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताओं पर भी सवाल उठाए गए।
जल विभाग और मशीनों की खरीदी में अनियमितता
- कांग्रेस ने 2 अप्रैल 2025 को जल विभाग और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) से जुड़े मामलों में कथित भ्रष्टाचार उजागर करने का दावा किया। पार्षद दल के मुताबिक, वायु गुणवत्ता संयंत्रों की खरीदी और तकनीकी विशेषज्ञों की नियुक्ति व भुगतान में भी अनियमितताएं हुईं।
- इसी तरह सितंबर 2026 में दो पेंच रिपेयरिंग मशीनें 54.80 लाख रुपए की जगह 1.10 करोड़ रुपए में खरीदने का आरोप लगाया गया। कचरा गाड़ियों की खरीदी में भी 40 वाहनों पर 1.44 करोड़ रुपए से अधिक के अतिरिक्त भुगतान का दावा किया गया। अक्टूबर 2026 में गोहलपुर क्षेत्र की सरकारी दुकानों के आवंटन में बिना टेंडर नियमों की अनदेखी की गई।