घर में खाना बनाते समय भड़की आग, जिंदा जलकर महिला की मौत, लटकती केबल से देरी से पहुंची दमकल
खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी आसपास रखे कपड़ों तक पहुंच गई। देखते ही देखते कपड़ों में लगी आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
Publish Date: Sat, 21 Nov 2026 09:37:10 PM (IST)Updated Date: Sat, 21 Nov 2026 09:37:10 PM (IST)
चूल्हे की चिंगारी से भड़की आग, नईदुनियाHighLights
- चूल्हे की चिंगारी से भड़की आग
- धू-धूकर जला कच्चा मकान
- कमरे में बंद महिला की मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सिहोरा के इमलहापुरा के वार्ड नंबर नौ में शनिवार दोपहर चूल्हे से भड़की आग ने एक महिला की जान ले ली। खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी आसपास रखे कपड़ों तक पहुंच गई। देखते ही देखते कपड़ों में लगी आग ने पूरे कच्चे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
घर के छोटे कमरे में मौजूद महिला बाहर नहीं निकल सकी और आग में जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान पूजा कोल (45) के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पति को खिलाया खाना, चला गया था घूमने
जानकारी के अनुसार, पूजा कोल का पति बंटी कोल मजदूरी करता है। वहीं पूजा कबाड़ बीनकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करती थी। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बंटी मजदूरी से घर लौटा था। इसके बाद पूजा ने उसे खाना खिलाया।
खाना खाने के बाद बंटी घर से घूमने चला गया। इस दौरान पूजा घर में ही चूल्हे पर खाना बना रही थी। अचानक चूल्हे से निकली चिंगारी पास में रखे कपड़ों तक पहुंच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूजा को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। आग ने देखते ही देखते कच्चे मकान को घेर लिया।
लटकती बिजली केबल से पहुंचने में हुई परेशानी
घटना की सूचना मिलने पर नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन घनी बस्ती और रास्ते में नीचे लटक रही बिजली की केबल के कारण वाहन को घटनास्थल तक पहुंचाने में परेशानी हुई। कर्मचारियों ने पहले केबल को ऊपर करवाया, इसके बाद फायर ब्रिगेड मौके तक पहुंच सकी।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पूजा की जान जा चुकी थी। सूचना पर पहुंची सिहोरा पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।