
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले प्रशासन ने उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी तेज कर दी है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने गुरुवार को संबंधित अधिकारियों और सोसायटी मैनेजर्स की बैठक लेकर केंद्रों के निर्धारण, संचालन, भंडारण और परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की।
उन्होंने स्पष्ट किया कि खरीदी कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों को खरीदी के दौरान परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी शुरू होने में अब बहुत कम समय शेष है। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ काम करें।
जिन क्षेत्रों में समितियों के माध्यम से उपार्जन केंद्रों का संचालन संभव नहीं है, वहां अन्य समितियों, स्व-सहायता समूहों और उपलब्ध संस्थाओं के जरिए संचालन की संभावनाएं तलाशें। समितियों की उपलब्धता और केंद्रों की स्थिति का आकलन कर संचालन की अनुमति संबंधी प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
फील्ड विजिट कर तय करें केंद्रों का स्थान
कलेक्टर ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड विजिट कर उपार्जन केंद्रों के लिए उपयुक्त स्थान निर्धारित करने के निर्देश दिए। केंद्रों पर मानव संसाधन सहित आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का भी आकलन किया जाए, ताकि खरीदी शुरू होने के बाद व्यवस्थाओं के अभाव में किसानों को परेशान न होना पड़े। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समझें और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ कार्ययोजना तैयार कर व्यवस्थाएं पूरी करें।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में 10 साल तक महिला ने खरीदे आभूषण, बाद में काले पड़े तो खुली जालसाजी की पोल; सराफा कारोबारी पर केस
गोदामों से अनाज का उठाव प्राथमिकता से
भंडारण और परिवहन व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने उपलब्ध गोदामों में पहले से रखे अनाज का उठाव प्राथमिकता से कराने को कहा। इससे नए उपार्जन के लिए भंडारण क्षमता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने धान के सुरक्षित भंडारण पर जोर देते हुए खुले में कैप लगाकर भंडारण करने से बचने के निर्देश दिए।
ऐसी व्यवस्था में धान खराब होने की आशंका रहती है। रिजेक्टेड और नान-एफएक्यू धान की स्थिति पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उपार्जन कार्य व्यवस्थित और समय पर हो। सभी अधिकारी तत्काल व्यवस्थाओं का आकलन कर कार्ययोजना तैयार करें।