
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विश्वास के नाम पर एक अभूषण प्रतिष्ठान संचालक ने महिला उपभोक्ता को दस साल तक ठगा। किश्तों में सोने-चांदी के जेवर खरीदने वाली महिला को संचालक असली बताकर नकली आभूषण देता रहा।
इस दौरान उसने करीब 6 लाख 69 हजार 681 रुपये के जेवर बेच दिए। जब धीरे-धीरे आभूषण काले पड़ने लगे और दूसरी दुकान पर जांच कराई गई, तब इस धोखाधड़ी का खुलासा हुआ। घमापुर पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपित प्रतिष्ठान संचालक सचिन सोनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- संविधान बचाने एक बैलगाड़ी पर चढ़े 50 कांग्रेसी, बीजेपी बोली- यह जानवरों पर अत्याचार, संविधान कैसे बचाएंगे
किश्तों में खरीद रही थी आभूषण
बरऊ मोहल्ला निवासी मिथलेश रैकवार (45) गत करीब दस साल से सचिन सोनी के कांचघर स्थित आभूषण प्रतिष्ठान से किश्तों में जेवर खरीद रही थीं। यह प्रतिष्ठान संचालन ने बाद में झामनदास चौक के पास स्थानांतरित कर लिया। महिला उपभोक्ता ने प्रतिष्ठान से आठ ग्राम का सोने का हार, 13 ग्राम की झुमकी, पांच ग्राम का बड़ा मंगलसूत्र,18 सोने के मोती, दो छोटे मंगलसूत्र, बेंदी, कड़े और पंचाली हार क्रय किए थे।
इसके अलावा 250 ग्राम की चांदी की पायल और चार लड़ी की पायल भी खरीदी थी। इन सभी आभूषणों का मूल्य लगभग छह लाख 69 हजार 681 रुपये था।
यह भी पढ़ें- इन-सर्विस डॉक्टरों को हाई कोर्ट से राहत, ग्रामीण सेवा को माना मेरिट का हिस्सा, जल्द होगी रुकी काउंसलिंग
जेवर काले पड़ने पर खुली पोल
घर पर रखे-रखे ही यह जेवरात काले पड़ने लगे। धातु का रंग बदलने पर मिथिलेश को सोने की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। उन्होंने सोने-चांदी के आभूषणों की एक सराफा व्यापारी से जाकर जांच कराइ्र, जहां सभी आभूषण नकली पाए गए। इसके बाद उन्होंने आभूषण प्रतिष्ठान संचालक सचिन, जिससे जेवर क्रय किए थे, उससे शिकायत की।
महिला उपभोक्ता ने क्रय किए गए जेवरों की रसीद मांगी, जिस पर सचिन टालमटोल करने लगा। उसने पहले भी विश्वास की बात कहकर जेवर खरीदते समय महिला को रसीद नहीं दी थी।
बाद में कुछ ऐसी रसीदें दी गई जिस पर उसके आभूषण प्रतिष्ठान का नाम सहित अन्य विवरण ीाी दर्ज नहीं था। तब वह परेशान होकर घमापुर पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- सातवें वेतनमान पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट सख्त, दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम