
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने रातभर बड़ा अभियान चलाकर लंबे समय से फरार आरोपितों पर शिकंजा कस दिया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर तीन अक्टूबर की रात नौ बजे से चार अक्टूबर को रात दो बजे तक शहर और देहात के थाना क्षेत्रों में एक साथ कांबिंग गश्त की गई।
पुलिस टीमों ने अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर 224 लंबित वारंट तामील किए। इनमें 112 गैर-जमानती, 83 गिरफ्तारी और 29 जमानती वारंट शामिल हैं। कई आरोपी वर्षों से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई की। अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 24 आरोपियों को पकड़ा गया। इनके कब्जे से सात बोतल, 96 पाव देशी-अंग्रेजी शराब और 47 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं चाकू लेकर घूम रहे चार आरोपितों को गिरफ्तार कर चाकू जब्त किए गए। कांबिंग गश्त के दौरान सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। देर रात आने-जाने वाले संदिग्धों से पूछताछ के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अभियान में प्रमुख रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डा. आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अखिलेश तिवारी सहित समस्त नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारी शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- धार में सातवीं बार नर्मदा के बैकवाटर में डूबा कोटेश्वर तीर्थ, शिखरों से दिख रही सरकारी बेरुखी