
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर की वर्ष 2055 तक की पानी की जरूरत पूरा करने के लिए शुरू किए गए चंबल प्रोजेक्ट के अंतर्गत 55 किमी पाइपलाइन बिछाने का काम अब बानमोर तक हो गया है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत हाइवे के किनारे बानमोर तक डक्ट बनाकर पाइपलाइन बिछा दी गई है।
अब इस डक्ट को ढंकने का काम किया जा रहा है। इस डक्ट के निर्माण के लिए हाइवे किनारे खोदाई करने से पहले नगर निगम ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को 18 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर दिया था। फिलहाल इस पूरे प्रोजेक्ट में 26 किमी पाइपलाइन का काम पूरा हो चुका है।
कोतवाल बांध से मिलेगा 60 एमएलडी पानी
इस पाइपलाइन के जरिए फिलहाल कोतवाल बांध से 60 एमएलडी पानी मिल सकेगा, क्योंकि चंबल नदी में इंटेक वेल का काम शुरू नहीं होने के कारण वहां से प्राप्त होने वाला 90 एमएलडी पानी फिलहाल ग्वालियर को प्राप्त नहीं होगा।
यह भी पढ़ें- रायपुर एयरपोर्ट की तीन गुना बढ़ेगी परिचालन क्षमता, अब एक रनवे से प्रति घंटे 35 उड़ानों की तैयारी
चंबल नदी में इंटेक वेल बनाने का काम वर्ष 2021 से ठप पड़ा हुआ है। इस कार्य की जिम्मेदारी मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) की है, लेकिन ठेकेदार और कंपनी के बीच चल रहे विवाद के चलते इंटेक वेल का काम नहीं हो पा रहा है। इसका कारण है कि एक बार इंटेक वेल की डिजाइन फेल होने के बाद एस्टीमेट की राशि में अंतर आ गया।
ठेकेदार ने एमपीयूडीसी से अतिरिक्त राशि की मांग की, लेकिन इस पर अधिकारी तैयार नहीं हुए। यही कारण है कि मुरैना और ग्वालियर जिलों में लगभग 650 करोड़ रुपये की राशि से चंबल प्रोजेक्ट संचालित हो रहा है लेकिन अभी तक जिस इंटेक वेल से पानी मिलना है, उसको लेकर कोई निर्णय नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि, इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत ग्वालियर को 150 एमएलडी पानी हर दिन मिलना है। इसमें 90 एमएलडी पानी चंबल नदी से और 60 एमएलडी पानी कोतवाल बांध से दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष होंगे महादेव कावरे, मंजूरी मिलते ही जारी होगा आदेश
बानमोर में भी शुरू हुआ पाइपलाइन का काम
चंबल परियोजना के तहत अब बानमोर में भी पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू हो गया है। पाइपलाइन के रास्ते में आने वाले कुछ स्थानों पर लोगों ने पहले ही अपने टिनशेड और अन्य अस्थायी निर्माण हटाने शुरू कर दिए थे, जिससे काम को गति मिल रही है।
इस परियोजना के 55 किलोमीटर लंबे रूट में करीब 27 किलोमीटर हिस्से में काम प्रभावित था, लेकिन अब विभिन्न विभागों से जरूरी अनुमति मिलने के बाद अड़चनें दूर हो रही हैं। एमपीआइडीसी क्षेत्र के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) पहले ही मिल चुका है, वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने भी नगर निगम को आवश्यक स्थान उपलब्ध करा दिया है।
कैसे आएगा पानी चंबल से ग्वालियर तक
यह संपूर्ण प्रोजेक्ट दो जिलों मुरैना और ग्वालियर की संयुक्त संरचना पर आधारित है। एमपीयूडीसी को चंबल नदी किनारे इंटेक वेल तैयार करना है। यहां से 150 एमएलडी पानी पंपिंग करके देवरी (मुरैना) तक लाया जाएगा। इसमें से 60 एमएलडी पानी मुरैना शहर को पेयजल आपूर्ति में दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में धान खरीदी की तैयारियां तेज, 19 समितियों की वापसी की तैयारी; उपार्जन केन्द्रों के लिए आदेश जारी
बचे हुए 90 एमएलडी पानी को ग्वालियर नगर निगम देवरी स्थित पंपिंग स्टेशन से आगे की पाइपलाइन में भेजेगा। यह पानी 43 किलोमीटर की यात्रा तय करते हुए जलालपुर और मोतीझील जलशोधन संयंत्र तक पहुंचेगा। कोतवाल बांध से मिलने वाला 60 एमएलडी पानी शहर की दूसरी बड़ी सप्लाई लाइन को मजबूत करेगा।
प्रोजेक्ट के लिए निगम द्वारा निर्धारित लागत-318.64 करोड़ रुपये
जयंती सुपर-इनविराड का संयुक्त टेंडर-388.41 करोड़ (जीएसटी मिलाकर 458.68 करोड़)
1219 एमएम व्यास की पाइपलाइन देवरी से जंक्शन प्वाइंट तक
1516 एमएम व्यास की लाइन जंक्शन प्वाइंट से ग्वालियर तक
यह भी पढ़ें- Weather Update: जबलपुर में शीतलहर ने बढ़ाई ठिठुरन, दो दिन में 10 डिग्री गिरा पारा; कोहरे के बाद बढ़ेगी ठंड