
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शासकीय अनुदान प्राप्त अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सातवें वेतनमान का लाभ देने के मामले में मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है।
न्यायमूर्ति दीपक खोत की एकलपीठ ने अवमानना प्रकरण में स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉक्टर संजय गोयल और तत्कालीन लोक शिक्षण आयुक्त शिल्पा गुप्ता को आदेश के पूर्ण पालन के लिए चार सप्ताह का अंतिम अवसर दिया है।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में अनुपालन नहीं हुआ तो दोनों अधिकारियों को 24 दिसंबर 2026 को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना होगा। सुनवाई के दौरान शासन की ओर से सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका लंबित होने का हवाला देकर जवाब प्रस्तुत करने के लिए समय मांगा गया।
दोनों अधिकारियों को माना अवज्ञा दोषी
कोर्ट ने इस आधार को स्वीकार नहीं किया। न्यायालय ने रेखांकित किया कि कोर्ट द्वारा रिट अपील खारिज किए जाने के बाद 17 जून 2025 का पूर्व आदेश प्रभावी है। उक्त आदेश में दोनों अधिकारियों को जानबूझकर अवज्ञा का दोषी माना गया था।
यह भी पढ़ें- संविधान बचाने एक बैलगाड़ी पर चढ़े 50 कांग्रेसी, बीजेपी बोली- यह जानवरों पर अत्याचार, संविधान कैसे बचाएंगे
मामला मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की याचिका से संबंधित है। दो जनवरी 2019 को हाई कोर्ट ने पात्र शिक्षकों व कर्मचारियों को सातवां वेतनमान देने के निर्देश दिए थे।
बाद में 17 जून 2025 को न्यायमूर्ति अवनींद्र कुमार सिंह की पीठ ने स्पष्ट किया था कि 31 मार्च 2000 तक नियुक्त कर्मचारियों को 1978 के मूल अधिनियम और नियम 33(आई) के तहत शासकीय कर्मचारियों के समान वेतनमान का लाभ मिलना चाहिए।
मामले को कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत नहीं किए जाने को भी न्यायालय ने आदेश की अवमानना माना था। उल्लेखनीय है कि शिल्पा गुप्ता वर्तमान में गृह विभाग की सचिव हैं, जबकि लोक शिक्षण आयुक्त का प्रभार अभिषेक सिंह के पास है।