
जबलपुर नईदुनिया प्रतिनिधि। श्रीमद भागवत ज्ञानयज्ञ में व्यास पीठ से भागवत कथा की सरय और सरल मीमांसा करते हुये कथा व्यास जयाकिशोरी ने कहा कि अभाव के लिए भगवान को उलाहना मत दीजिये। ईश्वर ने जो दिया है, उसके लिये उन्हें धन्यवाद दीजिये। सत्कर्म से अर्जित साधना से संतोष करना चाहिये। जड़ भरत की कथा सुनाते हुये इन्होंने कहा कि जो भोला होता है, उसका भगवान होता है। यही कारण है कि जड़ भरत की रक्षा के लिये माता भद्रकाली साक्षात उपस्थित हो गई, इसलिए भगवान से नाता जोड़िए, क्योंकि जा पर कृपा राम की होई, ता पर कृपा करें सब कोई।
कथा के दौरान जया किशोरी भजन “मेरा आपकी कृपा से सब काम हो रहा है“ पर बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालु भावप्रण होकर झूमने लगे। इस अवसर पर उन्होंने कथा सुन रहे श्रोताओं से कहा कि संसार को खुश करने में लगे रहोगे तो श्रीकृष्ण छूट जायेंगे। जया किशोरी ने कहा कि यदि चरित्र चला गया तो सर्वस्व चला जाता है। अजामिल का पतन चरित्र के पतन से हुआ लेकिन नारायण नाम के प्रभाव ने उसे बचा लिया। कथा पूर्व व्यास पीठ का पूजन प्रमोद तिवारी, विधायक तरूण भनोत, अजय विश्नोई, विधायक इंदू तिवारी, विधायक अशोक रोहाणी, बाबू विश्वमोहन, विधायक जालम सिंह पटेल, सत्येन्द्र पटेल, हिमांशु द्विवेदी ने किया। आज की कथा- समुद्र मंथन वामन अवतार, श्रीराम जन्म व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव होगा।
जया किशोरी को सुनने दूर-दूर से पहुंच रहे लोग
वहीं साध्वी जया किशोरी को सुनने जबलपुर में दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। आस-पास के गांवों के श्रद्धालु भी साध्वी को प्रत्यक्ष सुनने आ रहे हैं। श्रद्धालुओं ने बताया कि हमने अभी तक जया किशोरी जी के भजन विभिन्न माध्यमों से सुने हैं। आज जब उनके कार्यक्रम का प्रत्यक्ष श्रवण करने का मौका मिला है तो क्यों छोड़ा जाए।