
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की यूजी प्रथम सेमेस्टर परीक्षाओं को लेकर परीक्षा आवेदन की समय-सारिणी जारी कर दी है। इसके तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों के विद्यार्थी दो नवंबर से एमपी ऑनलाइन के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे।
आवेदन के लिए 11 नवंबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। इस अवधि में विद्यार्थियों को किसी प्रकार का विलंब शुल्क नहीं देना होगा। निर्धारित समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों को अलग-अलग चरणों में विलंब शुल्क के साथ फाॅर्म भरने की सुविधा दी गई है।
विश्वविद्यालय की अधिसूचना के अनुसार, 16 नवंबर तक आवेदन करने पर 100 रुपये, जबकि 20 नवंबर तक आवेदन करने पर 750 रुपये विलंब शुल्क देना होगा। इसके बाद भी आवेदन का अवसर मिलेगा।
परीक्षा प्रारंभ होने के 10 दिन पहले से लेकर परीक्षा तिथि के एक दिन पूर्व तक विद्यार्थी दो हजार रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भर सकेंगे। इस व्यवस्था से अंतिम समय तक आवेदन से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को भी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सकेगा।
विश्वविद्यालय ने बीए, बीएड, बीएससी बीएड, बीए एलएलबी, एलएलबी, एलएलएम और बीकाम एलएलबी सहित सात पाठ्यक्रमों के लिए परीक्षा शुल्क भी निर्धारित किया है। अधिसूचना के मुताबिक बीए बीएड के नियमित विद्यार्थियों को 3120 रुपयं, बीएससी बीएड के लिए 3800 रुपए, बीए एलएलबी और एलएलबी के लिए 2655 रुपयं तथा एलएलएम के लिए 3810 रुपय परीक्षा शुल्क देना होगा। वहीं, एटीकेटी के एक विषय की परीक्षा के लिए अधिकांश पाठ्यक्रमों में 2015 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
परीक्षा आवेदन भरने के बाद संबंधित महाविद्यालयों को विद्यार्थियों के फार्म का सत्यापन और अनुमोदन करना होगा। इसके साथ ही आवश्यक दस्तावेज विश्वविद्यालय में जमा कराने की अंतिम तिथि 23 नवंबर निर्धारित की गई है। इस तिथि के बाद दस्तावेज जमा करने पर महाविद्यालयों को 100 रुपए अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में डिप्टी कमिश्नर से डीआरएस तक निशाने पर, पांच लोगों से 4.57 लाख रुपये ठगे