एमपी में बिजली कंपनियों के 59 हजार पेंशनर्स को दीवाली गिफ्ट, महंगाई भत्ता बढ़कर हुआ 60 प्रतिशत
विद्युत कंपनियों के करीब 59 हजार पेंशनर्स को दीपावली पर महंगाई राहत की सौगात मिली है।
Publish Date: Sun, 01 Nov 2026 08:42:48 PM (IST)Updated Date: Sun, 01 Nov 2026 08:42:48 PM (IST)
बिजली कंपनियों के पेंशनर्स को दीवाली गिफ्ट, फोटो-एआई जनरेटेडHighLights
- बिजली कंपनियों के पेंशनर्स को दीवाली गिफ्ट
- 2 फीसदी बढ़कर महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत
- अक्टूबर के वेतन के साथ मिलेगा भुगतान
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। प्रदेश की विद्युत कंपनियों के करीब 59 हजार पेंशनर्स और पारिवारिक पेंशनधारकों को दीपावली पर महंगाई राहत की सौगात मिली है। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी ने पुनरीक्षित महंगाई राहत के आदेश जारी कर दिए हैं।
इसके तहत छठवें वेतनमान में पांच प्रतिशत और सातवें वेतनमान में दो प्रतिशत की वृद्धि की गई है। वहीं, विद्युत कंपनियों में कार्यरत कार्मिकों का महंगाई भत्ता भी दो प्रतिशत बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया कि पेंशनर्स के लिए जारी आदेश एक जुलाई 2026 से प्रभावी होंगे।
महंगाई भत्ते से मिलेगी राहत
एमपी ट्रांसको के मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग के अधीक्षण अभियंता राजेश शर्मा ने बताया कि मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी, पावर मैनेजमेंट कंपनी और मध्य प्रदेश राज्य विद्युत मंडल से एक जून 2005 के पूर्व सेवानिवृत्त पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनधारकों को छठवें वेतनमान में 262 प्रतिशत और सातवें वेतनमान में 60 प्रतिशत महंगाई राहत मिलेगी।
यह लाभ 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनर्स को मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन पर भी लागू होगा। ट्रांसमिशन कंपनी के कार्यरत कार्मिकों के महंगाई भत्ते में भी दो प्रतिशत की वृद्धि की गई है। 31 अक्टूबर को जारी आदेश के अनुसार, सातवें वेतनमान में एक जनवरी 2026 से मूल वेतन पर कुल 60 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय होगा। बढ़े हुए भत्ते का भुगतान अक्टूबर के वेतन के साथ कर दिया गया है।
वहीं, जनवरी से सितंबर 2026 तक की एरियर राशि तीन समान किस्तों में दी जाएगी।