
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। कैंट क्षेत्र में अवैध निर्माण के मामले में बुधवार को कैंट बोर्ड और रक्षा संपदा विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। दल-बल के साथ पहुंची टीम ने सदर जायसवाल पेट्रोल पंप के पीछे बंगला नंबर 25 चंसोरिया कंपाउंड में चल रहे अवैध निर्माण जमींदोज कर दिया।
मौके पर आर्मी की क्यूआरटी तैनात रही ताकि कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रित रहे। सुबह हुई इस कार्रवाई से पूरे सदर क्षेत्र में हड़कंप था। जानकारी के मुताबिक सदर मेन रोड स्थित जायसवाल पेट्रोल पंप के पीछे बंगला नंबर 25 चंसोरिया कंपाउंड में करीब दो से तीन हजार वर्गफीट भूमि में अवैध निर्माण किया जा रहा था।
आर्मी क्यूआरटी की सुरक्षा में गिराने की कार्रवाई की गई
उक्त निर्माण की शिकायत जैसे ही रक्षा संपदा अधिकारी नेहा गुप्ता तक पहुंची तो वे एक्शन में आ गईं। उन्होंने तत्काल कैंट बोर्ड के इंजीनियर अनुराग आचार्य, अतिक्रमण दल प्रभारी नितेश पटेरिया व डीईओ कार्यालय के अमले को मौके पर भेजा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर रेल मंडल की कार्रवाई, 2,995 मामलों में वसूले चार लाख 83 हजार 800 रुपये
शिकायत सही पाए जाने पर निर्माण को बुधवार को ही आर्मी क्यूआरटी की सुरक्षा में गिराने की कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि उक्त भूमि पर पूर्व में उमर खैयाम नाम से रेस्टोरेंट आहता हुआ करता था, जिसे 2016 में रक्षा संपदा विभाग ने सील कर दिया था।