
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र में दो साल की मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। निर्माणाधीन इमारत में परिवार के साथ सो रही बच्ची को आधी रात अगवा कर दूसरी इमारत के पास घायल अवस्था में छोड़ दिया गया। पुलिस ने मामले में आरोपित दमोह जिला के जबेरा निवासी हिस्ट्रीशीटर आशीष पटेल (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घटना 9-10 अक्टूबर की दरमियानी रात की है। मजदूरी करने वाला परिवार निर्माणाधीन इमारत में सो रहा था। रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच स्वजनों की नींद खुली तो बच्ची गायब मिली। परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ देर बाद बच्ची दूसरी निर्माणाधीन इमारत के पास घायल अवस्था में मिली। स्वजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार शुरू किया गया।
मेडिकल जांच में सामने आया यौन अपराध
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बच्ची की मेडिकल जांच में यौन अपराध की पुष्टि होने के बाद प्रकरण में पाक्सो एक्ट, दुष्कर्म और हत्या के प्रयास से संबंधित धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आशीष पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपराध स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, बच्ची के रोने पर आरोपित ने उसे चुप कराने के प्रयास में गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। वह बच्ची को मृत समझकर भागा था, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
यह भी पढ़ें- मासूम से घिनौनी करतूत: भोपाल के अयोध्या नगर में 8 साल की बच्ची से पड़ोसी युवक ने की अश्लील हरकत, आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि आरोपी सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, घर में घुसकर वारदात और आर्म्स एक्ट सहित 11 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
इसी रात कोतवाली थाना क्षेत्र में 70 वर्षीय महिला के घर में घुसकर मारपीट और चोरी के प्रयास की घटना में भी आरोपित की भूमिका की जांच की जा रही है। इस मामले में अलग से एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- Bhind में 4 साल 8 माह की मासूम से दुष्कर्म के मामले में बड़ा फैसला, दोषी को 20 साल की सश्रम कैद