
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पति की शासकीय सेवा के दौरान मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही एक महिला पिछले कई वर्षों से अनुकम्पा नियुक्ति की उम्मीद में विभाग के चक्कर लगा रही है। शिक्षक पद के लिए आवश्यक शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर पाने के कारण उनकी नियुक्ति नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार संकुल केंद्र सकरा के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मादों, कुंडम में अध्यापक संवर्ग के सहायक अध्यापक अनुप सिंह मरकाम पदस्थ थे। शासकीय सेवा में रहते हुए 21 जुलाई 2018 को उनका निधन हो गया था। पति की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी शिववती मरकाम ने परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अनुकम्पा नियुक्ति के लिए आवेदन किया।
शिववती मरकाम ने शिक्षक पद पर अनुकम्पा नियुक्ति पाने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा भी दी, लेकिन वह परीक्षा उत्तीर्ण नहीं कर सकीं। इसके चलते शिक्षक पद पर उनकी नियुक्ति का रास्ता बंद हो गया। दूसरी ओर पति की मृत्यु के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति लगातार खराब होती चली गई। दो बच्चों की जिम्मेदारी अकेले उठाना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
इसी परेशानी को लेकर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को पत्र भेजकर अपनी स्थिति से अवगत कराया है। पत्र में उन्होंने विभाग से भावुक अपील करते हुए कहा है कि यदि शिक्षक पद के लिए वे पात्र नहीं हैं तो उन्हें भृत्य पद पर ही अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान कर दी जाए, ताकि उन्हें रोजगार मिल सके और वे अपने बच्चों का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें।
यह भी पढ़ें- घाटे में चल रही मेट्रो बसें, फिर भी रक्षाबंधन पर जबलपुर की बहनों को ‘मुफ्त’ सफर का उपहार