
नईदुनिया न्यूज, पेटलावद। पुलिसकर्मियों पर हाथ उठाने और बेल्ट चलाने वालों को पेटलावद पुलिस ने सख्त संदेश दिया है। दीपोत्सव के पड़वा पर आयोजित गाय गोहरी पर्व के दौरान पंपावती नदी के समीप पुलिसकर्मियों से विवाद कर मारपीट करने वाले चार युवकों का पुलिस ने जुलूस निकाला।
त्योहार के बीच हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुआ था। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार दीपावली के दूसरे दिन पड़वा पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी पेटलावद में पारंपरिक गाय गोहरी पर्व का आयोजन किया गया था। इस दौरान पंपावती नदी के समीप पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर तैनात थे।
इसी बीच कुछ युवकों का उनसे विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवकों द्वारा पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई। घटनाक्रम के दौरान एक युवक पुलिसकर्मी पर बेल्ट से हमला करता हुआ दिखाई दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
घटना के बाद थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया और उनकी टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवकों को चिह्नित किया। पुलिस ने राहुल पुत्र मुन्ना पारगी (19), सुरेश पुत्र कालिया मेड़ा (19), सुनील पुत्र राजू पारगी (19) और पंकज उर्फ अंकित पुत्र धनजी पारगी (20) के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद पुलिस ने चारों युवकों का जुलूस निकाला।
थाना प्रभारी निर्भयसिंह भूरिया ने स्पष्ट किया कि त्योहारों और सार्वजनिक आयोजनों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता या मारपीट करने तथा क्षेत्र में अशांति फैलाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
यह भी पढ़ें- झाबुआ के उकाला फलिया में 700 की आबादी पर स्कूल नहीं, मवेशी चराने को मजबूर बचपन
गाय गोहरी जैसे पारंपरिक और धार्मिक आयोजन के दौरान हुई इस घटना ने सभी का ध्यान खींचा था। अब पुलिस की कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सार्वजनिक आयोजनों में अनुशासन और शांति बनाए रखना जरूरी है। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट या कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।
यह भी पढ़ें- आलीराजपुर में आधी रात को अचानक सामने आ गया तेंदुआ, पुलिस जवानों के सामने करता रहा चहलकदमी