मौत के बाद कई लोगों को जिंदगी दे गए कटनी के सुनील ताम्रकार, मुक्तिधाम में गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई
मुक्तिधाम में प्रशासन की ओर से सम्मान देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम विदाई दी गई।
Publish Date: Thu, 29 Oct 2026 04:25:21 PM (IST)Updated Date: Thu, 29 Oct 2026 04:25:21 PM (IST)
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई, नईदुनियाHighLights
- सुनील ने किया मरणोपरांत अंगदान
- मौत के बाद कई लोगों को दी जिंदगी
- प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। नगर की पुरानी बस्ती निवासी एक वृद्ध की मृत्यु के बाद स्वजनों ने उनकी मंशा के अनुरूप अंगदान किया। नगर नदीपार मुक्तिधाम में शासन की ओर से सम्मान देते हुए गार्ड ऑफ ऑनर देते हुए अंतिम विदाई दी गई।
जानकारी के अनुसार, ताम्रकार समाज के सुनील कुमार ताम्रकार निवासी शेर चौक के निधन के बाद उनके परिवार ने साहसिक और प्रेरणादायी निर्णय लेते हुए अंगदान कर मानवता की अनूठी मिसाल पेश की।
जानकारी के अनुसार शेर चौक पुरानी बस्ती निवासी सुनील कुमार ताम्रकार के निधन के बाद उनके स्वजनों ने दुख की इस घड़ी में भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।
इंदौर में किया गया अंगदान
उन्होंने अंगदान का निर्णय लेकर दूसरों के जीवन को बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया। अंगदान की प्रक्रिया इंदौर के अस्पताल में कराई गई और उसके बाद उनका शव कटनी उनके घर पहुंचा। सुनील ताम्रकार के इस योगदान और उनके परिवार के मानवीय निर्णय को सम्मान देते हुए प्रदेश शासन की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान प्रदान किया गया।
कटनी स्थित मुक्तिधाम में दिवंगत आत्मा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी गई और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। इसके साथ नगर के समाजसेवियों, व्यापारियों ने भी मुक्तिधाम पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।