
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। रीठी वन परिक्षेत्र के जंगल के बीच बसे आदिवासी ग्राम नेगवा के मार्ग पर सोमवार शाम उस समय लोगों में दहशत फैल गई, जब एक तेंदुआ सड़क पर चहलकदमी करता दिखाई दिया। तेंदुआ काफी देर तक सड़क के बीचों-बीच बैठा रहा। वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर वह सड़क किनारे जाकर बैठ गया और करीब एक घंटे तक वहीं आराम करता रहा।
ग्रामीणों में फैली दहशत
बताया जाता है कि नेगवा के जंगल और आसपास के क्षेत्र में अक्सर तेंदुए की मौजूदगी देखी जाती है। अब तक तेंदुए ने किसी प्रकार की जनहानि नहीं पहुंचाई है, लेकिन बार-बार तेंदुए की आहट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेगवा के प्राचार्य विपिन तिवारी अपने स्टाफ के साथ चार पहिया वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क के बीचों-बीच तेंदुआ बैठा दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में अक्टूबर में भी गर्मी का सितम: पारा पहुंचा 37.2 डिग्री, सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा रात का तापमान
सड़क किनारे बैठा रहा तेंदुआ
वाहन और अन्य लोगों की आवाजाही बढ़ने पर तेंदुआ सड़क से हटकर किनारे जा बैठा। काफी देर तक वह वहीं बैठा रहा। तेंदुए को देखने के लिए सड़क पर लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, लेकिन इसके बावजूद वह काफी समय तक अपनी जगह पर बैठा रहा।
प्राचार्य ने तेंदुए के दिखाई देने की सूचना फोन के माध्यम से वन विभाग को दी। वन परिक्षेत्र अधिकारी महेश पटेल ने बताया कि क्षेत्र में तेंदुए के मूवमेंट को देखते हुए जंगल में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही ग्रामीणों व राहगीरों को सावधानी बरतने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- बांग्लादेशी युवतियों की मानव तस्करी: जम्मू से जुड़ा गिरोह का नेटवर्क, 3 को पहले भेजा, ग्वालियर में पकड़े गए आरोपी