
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। नवरात्र पर मातारानी की आराधना श्रद्धालु तरह तरह से कर रहे हैं। कोई पैदल तो कोई दंड भरते हुए मां के दरबार पहुंच रहे हैं। वही कटनी जिले की औद्योगिक नगरी कैमोर के सीमेंट प्लांट ने आस्था, तकनीक और सामूहिक श्रम से अनूठी कलाकृति तैयार की है, जो चर्चा का विषय बना हुई है।
सीमेंट के कैमोर संयंत्र में 15 हजार सीमेंट की बोरियों का उपयोग कर मां दुर्गा की विशाल कलाकृति तैयार की गई है। 70 गुने 70 फिट क्षेत्र में फैली इस अद्भुत संरचना को तैयार करने में कर्मचारियों को 12,600 घंटे लगे। आसमान से देखने पर सीमेंट की हजारों बोरियों से बनी मां दुर्गा की भव्य छवि नजर आ रही है, जो लोगों के बीच चर्चा और आस्था का केंद्र बनी हुई है।
नवरात्र और दुर्गा पूजा के अवसर पर कंपनी ने अपनी इस विशेष पहल को ‘जहां विश्वास, वहां शक्ति’ अभियान के तहत प्रस्तुत किया है। यह अनूठा प्रयोग न केवल त्योहारों के प्रति आस्था और श्रद्धा को दर्शाता है, बल्कि कर्मचारियों की मेहनत, एकजुटता और सामूहिक संकल्प का भी प्रतीक है। कंपनी के अनुसार कलाकृति के निर्माण में 750 टन सीमेंट की बोरियों का इस्तेमाल किया गया।
यह भी पढ़ें- कटनी के कैमोर में ब्रिटिशकालीन फैक्ट्री का जहरीला कचरा हटेगा, मिट्टी और ग्राउंड वाटर के सैंपल लिए
कर्मचारियों ने योजनाबद्ध तरीके से हजारों बोरियों को व्यवस्थित कर मां दुर्गा की आकृति तैयार की। इसका विहंगम हवाई दृश्य देखने पर मां दुर्गा का मुकुट, नयन, दस भुजाएं और संपूर्ण स्वरूप स्पष्ट रूप से उभरकर सामने आता है। ड्रोन के माध्यम से इसका वीडियो भी तैयार कराया गया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह भी पढ़ें- Navratri 2026 Colors: नवरात्रि के किस दिन कौन सा रंग पहनें? नौ देवियों के पसंदीदा रंगों की लिस्ट देखें